US China TikTok Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टिकटॉक डील पूरी होने का दावा ट्रंप ने किया। डील के बाद अमेरिका में टिक टॉक का संचालन सुचारु हो सकेगा। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा कि टिकटॉक डील को दोनों नेताओं ने मंजूरी दे दी है और चीनी नेता को अमेरिका आमंत्रित किया गया है।
ट्रंप ने लिखा कि हम फिर फोन पर बात करेंगे और प्रशांत क्षेत्र के 21 देशों के संगठन एशिया पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (एपेक) में शी जिनपिंग से मुलाकात होगी। हमने व्यापार, फेंटानिल, यूक्रेन युद्ध विराम और टिकटॉक डील जैसे विषयों पर बात की।
चीन के साथ TikTok सौदे पर ट्रंप ने कहा कि हम इस पर बहुत कड़ा नियंत्रण रखेंगे। यह एक अद्भुत चीज है जो बनाई गई है। मैं थोड़ा पूर्वाग्रही हूं क्योंकि सच कहूं तो मैंने इसमें बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। इसने मुझे ऐसे आंकड़े दिए जो पहले कभी किसी ने सुने भी नहीं थे।
ट्रंप ने कहा कि हमारे देश के युवा इसे चाहते हैं। युवाओं के माता-पिता भी इसे पसंद करते हैं। इसलिए हम चीन के साथ एक समझौता करने को तैयार थे। यह हमारे लिए बहुत अच्छी डील है। मुझे उम्मीद है कि यह उनके लिए भी अच्छा सौदा होगा। उन्होंने कहा कि इस ऐप पर अमेरिकी निवेशक का नियंत्रण होगा। इसके लिए मैं राष्ट्रपति जिनपिंग को धन्यवाद देना चाहता हूं।
अमेरिका ने TikTok पर क्यों लगाया था प्रतिबंध?
अमेरिका ने टिकटॉक के डाटा पर चीनी सरकार के कब्जे की चिंता को लेकर उस पर प्रतिबंध लगा दिया था। अमेरिका की शर्त थी कि टिकटॉक से प्रतिबंध तभी हटेगा, जब मूल चीनी कंपनी बाइटडांस अपनी नियंत्रित हिस्सेदारी अमेरिका को बेच देगी। अमेरिकी अधिकारियों को चीन के कानून को लेकर चिंता थी, जिसमें चीनी कंपनियों को सरकार के साथ डाटा साझा करना पड़ता है। इसके अलावा मालिकाना एल्गोरिदम की भी चिंता थी, जो टिकटॉक यूजर को दिखाई देने वाली सामग्री प्रदर्शित करता है।
अगले साल चीन का दौरा करेंगे ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के लिए अगले साल चीन का दौरा करेंगे। इससे पहले दक्षिण कोरिया में अक्टूबर के अंत में आयोजित एक क्षेत्रीय सम्मेलन में दोनों नेताओं की मुलाकात होगी।
