अमेरिका में टेक्सास के एक मशहूर बार में अंधाधुंध फायरिंग हुई। यह घटना ऑस्टिन के एंटरटेनमेंट डिस्ट्रिक्ट एरिया के ब्यूफॉर्ड्स बार में हुई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। मरने वालों में हमलावर भी शामिल है, जिसे पुलिस ने गोली से उड़ा दिया। इस घटना पर अमेरिकी अधिकारियों ने अहम जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध हमलावर का मकसद संभवतः अमेरिका-ईरान संघर्ष से प्रेरित था।
हमलावर के पास मिले सबूतों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक संदिग्ध ने बार के बाहर कार से लोगों पर गोलियां चलाई और फिर पैदल आगे बढ़कर भी गोलियां दागीं। अधिकारीयों ने जवाबी कार्रवाई में उसे गोली मारकर खत्म किया। अपराधी की कार और उसके पास से कुछ सबूत मिले हैं, जिन्हें जांच एजेंसियां गंभीरता से देख रही हैं।
एफबीआई के मुताबिक मामले में आतंकवाद के संभावित संकेत जांच का हिस्सा हैं।
संदिग्ध का कथित रूप से गाड़ी में कुरान और “इस्लामी वस्त्र” पाए गए हैं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी प्रेरणा अमेरिका-ईरान सैन्य टकराव से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, यहनि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि शनिवार को अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर मिसाइल हमले को अंजाम दिया। इस भीषण संघर्ष में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो चुकी है।
ईरानी राष्ट्रपति ने खामेनेई की मौत को बताया शहादत
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान दुश्मन के सैन्य ठिकानों पर अपनी सैन्य कार्रवाई जारी रखेगा. उन्होंने हमलों को और तेज करने की बात कही. पेजेशकियान ने स्पष्ट किया कि ईरान मजबूती से खड़ा रहेगा और अपने नेतृत्व द्वारा दिखाए गए मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा।
उन्होंने सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत को शहादत करार देते हुए कहा कि यह वर्षों के बलिदान की परिणति है. उन्होंने इसे ईरान को कमजोर करने वाली नहीं, बल्कि देश के संकल्प को और अधिक मजबूत करने वाली घटना बताया।
ईरानी मिसाइल हमले में 8 इजरायली नागरिकों की मौत
इजरायल की आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा मैगन डेविड एडोम (MDA) ने रविवार को बताया कि बेत शेमेश शहर पर ईरान के मिसाइल हमले में कम से कम आठ नागरिक मारे गए. वहीं कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ईरान द्वारा किए गए मिसाइल हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 32 अन्य घायल हो गए। ईरान मिडिल ईस्ट के देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को मिसाइल हमलों के जरिए निशाना बना रहा है।
