दुनिया

भीषण हमले के अगले ही दिन हुई यूक्रेन-रूस के बीच इस्ताबुल में हुई बात, युद्ध रुकने की कितनी उम्मीदें?

यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने कहा कि रविवार को यूक्रेन के एक ड्रोन हमले में रूस के भीतर 40 से अधिक रूसी विमानों को नष्ट कर दिया गया, जबकि मॉस्को ने मिसाइलों और ड्रोन से यूक्रेन पर हमला किया।

Image

रूस-यूक्रेन शांति वार्ता

Photo : AP

Ukraine, Russia Peace Talks: रूस पर यूक्रेन के भीषण जवाबी हमले के अगले ही दिन तुर्की में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों ने बात की। दो सप्ताह में अपनी दूसरी प्रत्यक्ष शांति वार्ता सोमवार को तुर्किये के इस्तांबुल शुरू हुई। हालांकि तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में इस वार्ता में किसी भी महत्वपूर्ण प्रगति की उम्मीद कम है। अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव ने किया जबकि रूसी प्रतिनिधिमंडल व्लादिमीर पुतिन के करीबी सहयोगी व्लादिमीर मेदेंस्की के नेतृत्व में बैठक में शामिल हुआ।

युद्ध रुकने की उम्मीदें बेहद कम

तुर्किये के विदेश मंत्री हकन फिदान ने शहर के सिरागन पैलेस में वार्ता की अध्यक्षता की और शुरुआती संबोधन दिया। दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों की हालिया टिप्पणियों से संकेत मिलता है कि वे युद्ध को रोकने के लिए प्रमुख शर्तों के मामले में बहुत दूर हैं। इस बीच लगभग 1,000 किलोमीटर (620 मील) के अग्रिम मोर्चे पर भीषण लड़ाई जारी रही और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के क्षेत्र पर भीतर तक हमले किए।

यूक्रेनी हमले में 40 से अधिक रूसी विमान तबाह

यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने कहा कि रविवार को यूक्रेन के एक ड्रोन हमले में रूस के भीतर 40 से अधिक रूसी विमानों को नष्ट कर दिया गया, जबकि मॉस्को ने मिसाइलों और ड्रोन से यूक्रेन पर हमला किया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसकी वायु सेना ने रात के दौरान आठ रूसी क्षेत्रों के साथ-साथ (कब्जाए गए यूक्रेनी) प्रायद्वीप क्रीमिया पर 162 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि उसने रात भर में रूस द्वारा प्रक्षेपित 80 ड्रोन में से 52 को नष्ट कर दिया।

खारकीव पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला

उत्तरपूर्वी यूक्रेनी शहर खारकीव के मेयर ने कहा कि सोमवार की सुबह दो बैलिस्टिक मिसाइल ने शहर के एक आवासीय इलाके पर हमला किया। इसमें से एक मिसाइल एक स्कूल के पास गिरी। मेयर इहोर तेरेखोव ने एक बयान में कहा कि एक मिसाइल एक अपार्टमेंट की इमारत के पास गिरी, जबकि दूसरी स्कूल के पास एक सड़क पर गिरी। उन्होंने एक बड़े गड्ढे की तस्वीर प्रकाशित की। तेरेखोव ने लिखा, गड्ढे के बगल में खड़े होकर, आपको एहसास होता है कि यह सब कितना भयानक हो सकता था। कुछ और मीटर - और यह इमारत से टकरा जाता। कुछ और मिनट - और कारें, बसें सड़क पर होतीं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article