अमेरिका ईरान के सबसे खतरनाक ड्रोन शाहेद से बचने के लिए यूक्रेन की शरण में है। यूक्रेन पहले ही इन ड्रोनों का मुकाबला कर रहा है, जो रूस की ओर से छोड़े जा रहे हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका और पश्चिम एशिया में उसके सहयोगी ईरान के शाहेद ड्रोन का मुकाबला करने में यूक्रेन की मदद चाहते हैं।
जेलेंस्की ने किया दावा
जेलेंस्की ने बुधवार देर रात कहा कि अमेरिका समेत कई देशों ने ईरानी ड्रोन हमलों से बचाव के लिए यूक्रेन से मदद मांगी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हाल के दिनों में संयुक्त अरब अमीरात, कतर, बहरीन, जॉर्डन और कुवैत के नेताओं से संभावित सहयोग के बारे में बात की है। रूस ने लगभग चार साल पहले अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर हमला करने के बाद से उस पर हजारों शाहेद ड्रोन दागे हैं। ईरान ने भी अमेरिकी-इजराइली संयुक्त हमलों के जवाब में इसी प्रकार के ड्रोन दागे हैं। जेलेंस्की ने कहा- "मैंने जरूरी साधन देने और यूक्रेनी स्पेशलिस्ट की मौजूदगी पक्का करने के निर्देश दिए, जो जरूरी सुरक्षा की गारंटी दे सकें। यूक्रेन उन पार्टनर्स की मदद करता है जो हमारी सुरक्षा पक्का करने और हमारे लोगों की जान बचाने में मदद करते हैं।"
रूस के साथ शांति समझौते पर क्या बोले जेलेंस्की
जेलेंस्की ने कहा कि ईरान युद्ध ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप के सबसे बड़े संघर्ष से अंतरराष्ट्रीय ध्यान हटा दिया है और इस सप्ताह रूस और यूक्रेन के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में होने वाली वार्ता के एक नए दौर को स्थगित करना पड़ा। पश्चिमी देशों की सरकारों और विश्लेषकों का कहना है कि रूस-यूक्रेन युद्ध में लाखों लोग मारे गए हैं जबकि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि अमेरिका के नेतृत्व में वर्षों से जारी शांति प्रयासों से लड़ाई जल्द ही रुक जायेगी। जेलेंस्की ने कहा कि ईरान के आसपास की स्थिति के कारण फिलहाल त्रिपक्षीय बैठक के लिए आवश्यक संकेत नहीं मिले हैं। लेकिन समग्र सुरक्षा ठीक होने पर हम त्रिपक्षीय राजनयिक बैठक फिर से शुरू करेंगे।
