रूस के साथ वर्षों से चल रहे युद्ध (Russia Ukraine War) के बीच यूक्रेन एक ऐसा कदम उठाने जा रहा है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। अपनी अर्थव्यवस्था और रक्षा बजट को संभालने के लिए यूक्रेन इस अनोखे विकल्प पर विचार कर रहा है। यूक्रेन की सरकार देश में पोर्नोग्राफी के प्रोडक्शन और डिस्ट्रिब्यूशन को वैध करने की योजना पर काम कर रही है। ताकि इस इंडस्ट्री से टैक्स के रूप में राजस्व जुटाया जा सके और उसे सीधे युद्ध की फंडिंग में इस्तेमाल किया जा सके। यूक्रेन में पहले से ही एडल्ट-कंटेंट कारोबार काफी बड़ा, लेकिन अनौपचारिक है। अब सरकार इससे राजस्व जुटाकर रूस के साथ युद्ध को वित्त-पोषित करना चाहती है।
यूक्रेन की संसद में इससे जुड़ा एक बिल पहले ही पहली रीडिंग पास कर चुका है और अब दूसरी रीडिंग का इंतजार है। पोर्नोग्राफी को लीगल बनाने वााले इस बिल का समर्थन करने वाले सांसद यारोस्लाव झेलेजनियाक का तर्क है कि इस कदम से न सिर्फ भ्रष्टाचार रुकेगा, बल्कि सालाना 25 मिलियन डॉलर तक का अतिरिक्त टैक्स रेवेन्यू भी मिल सकता है। यह रकम सैन्य जरूरतों विशेषतौर पर 30 हजार ड्रोन खरीदने के लिए पर्याप्त होगी। हालांकि, अभी यह सिर्फ प्रस्ताव है।
पोर्नोग्राफी के लिए क्या है यूक्रेन का मौजूदा कानून?
ज्यादातर यूरोपीय देशों से बिल्कुल अलग, यूक्रेन में आज भी पोर्न फिल्में बनाना, बेचना और रखना अपराध है, जिसके लिए 7 साल तक की जेल हो सकती है। हालांकि, हकीकत यह भी है कि देश में पोर्नोग्राफी एक बड़ी शैडो इंडस्ट्री के रूप में फल-फूल रही है। आरोप है कि यह उद्योग भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों के संरक्षण में चलता है। हाल में जनरल प्रॉसीक्यूटर के कार्यालय ने बताया था कि तीन अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस विभाग हर महीने 20 हजार डॉलर से ज्यादा की रिश्वत ले रहे थे।
पोर्न से जमकर कमाई कर रहे यूक्रेनी मॉडल
रूस के साथ युद्ध शुरू होने के बाद हालात और भी पेचीदा हो गए। यूक्रेन के टैक्स अधिकारियों को OnlyFans की यूके स्थित पैरेंट कंपनी Fenix International से हजारों यूक्रेनियाई क्रिएटर्स का डेटा मिला है। आंकड़ों से पता चलता है कि 2023 में 7900 यूक्रेनियाई लोगों ने OnlyFans से 131 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की। इसके बाद से टैक्स विभाग ने इन मॉडल्स को नोटिस भेजना शुरू किया।
टैक्स दें तो पोर्न का केस, न दें तो टैक्स चोरी
अब यूक्रेन में एक अजीबोगरीब कानूनी संकट भी पैदा हो गया है। जैसा कि वित्त समिति के अध्यक्ष झेलेजनियाक ने कहा, 'ये महिलाएं टैक्स नहीं देतीं तो आपराधिक आरोप झेलती हैं और टैक्स देती हैं तो पोर्नोग्राफी कानून तोड़ने का आरोप लगता है। यह एक दुखद स्थिति है।'
इसी संकट का सामना कर रही हैं एक मॉडल स्वितलाना ड्वोर्निकोवा। फ्रांस और स्पेन के तटों पर लग्जरी विला किराए पर लेकर एक मिलियन सब्सक्राइबर्स के लिए कंटेंट बनाने वाली स्वितलाना के घर पिछले साल पुलिस ने तलाशी ली थी। उनका लैपटॉप, हार्ड ड्राइव और टैक्स के लिए रखा गया 2 लाख डॉलर कैश जब्त कर लिया गया।
पोर्न एक्ट्रेस स्वितलाना की याचिका
ड्वोर्निकोवा का यह भी दावा है कि अधिकारियों ने उनसे आधी रकम रिश्वत के तौर पर मांगी थी। ऐसी ही सैकड़ों कहानियां सामने आने के बाद जून 2025 में ड्वोर्निकोवा ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमिर जेलेंस्की की वेबसाइट पर एक याचिका दी। खुद को 'कॉन्सिएंटियस टैक्सपेयर' बताते हुए उन्होंने लिखा कि उन्होंने 40 लाख रिव्निया, यानी लगभग 90 हजार डॉलर टैक्स के रूप में दिया है, जो सेना के लिए 100 पिकअप ट्रक या 2000 ड्रोन के बराबर है। इस याचिका पर एक हफ्ते में 25,000 से ज्यादा हस्ताक्षर हो गए, जिसके बाद राष्ट्रपति कार्यालय को इस पर विचार करना पड़ा।
पोर्न को लीगल करने से यूक्रेन को क्या लाभ होगा?
सरकार का मानना है कि पोर्न इंडस्ट्री को लीगल और रेगुलेट करने से दो फायदे होंगे। पहला, पुलिस की रिश्वतखोरी खत्म होगी। दूसरा, विदेश चले गए सैकड़ों मॉडल्स जो जॉर्जिया जैसे देशों में जाकर टैक्स दे रहे हैं, वो पैसा यूक्रेन में ही रहेगा। यूक्रेन को अपनी रक्षा जरूरतों के लिए हर साल 120 बिलियन डॉलर की जरूरत है। ऐसे में 25 मिलियन डॉलर की रकम भले ही छोटी लगे, लेकिन यह युद्ध के मैदान में सीधे तौर पर मदद कर सकती है।
फिलहाल यह योजना यूक्रेन की संसद के तहत एक विचाराधीन पहल है। इसका उद्देश्य पोर्नोग्राफी को पूरी तरह बढ़ावा देना नहीं, बल्कि मौजूदा डिजिटल एडल्ट-कंटेंट कारोबार को कानूनी और टैक्स के दायरे में लाना बताया जा रहा है। पिछले चार साल से ज्यादा समय से युद्ध लड़ रहे यूक्रेन पर इसके कारण भारी वित्तीय दबाव है। पोर्न इंडस्ट्री को वैध बनाकर टैक्स जुटाने का विजचार इसी आर्थित दबाव को कम करने के लिए विकल्प के तौर पर सामने आया है।
