पश्चिम एशिया में मौजूदा तनाव और सऊदी अरब में उड़ानों में बाधा के बीच फंसे भारतीय उमरा यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए भारत सरकार लगातार कोशिश कर रही है। विदेश मंत्रालय और सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावासों ने यात्रियों की सहायता के लिए 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए हैं।
भारतीय दूतावास ने अपील की है कि सऊदी अरब में मौजूद सभी भारतीय नागरिक स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत दूतावास से संपर्क करें। सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमरा यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए भारत सरकार की कोशिशों के तहत विदेश मंत्रालय ने यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: लाल सागर में 14 भारतीयों को ले जा रही नाव पर हमले का दावा, हूती विद्रोहियों ने सऊदी पर लगाए गंभीर आरोप
एक सप्ताह में करीब 3,000 फंसे हुए उमरा यात्री उपलब्ध उड़ानों से भारत लौटे
बता दें कि पिछले एक सप्ताह में करीब 3,000 फंसे हुए उमरा यात्री उपलब्ध उड़ानों से भारत लौटे। इनके अलावा, सामान्य तौर पर उमरा करने गए 10,000 से अधिक भारतीय यात्री भी भारत वापस आए। रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के संपर्क में हैं।
बाकी यात्रियों की जल्द वापसी के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास ने 24 घंटे कंट्रोल रूम शुरू किए हैं। यात्रियों को हर संभव मदद दी जा रही है।
सरकार ने रियाद और जेद्दा स्थित भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
ये हैं Helpline Numbers-
रियाद दूतावास: फोन: +966-554412016, +966-542126784 टोल फ्री: 8002471234 (केवल सऊदी अरब से) WhatsApp: +966-536216082 (केवल मैसेज)
जेद्दा दूतावास: फोन: +966-12-2614093, +966-556122301 WhatsApp: +966-536209704 (केवल मैसेज)
भारत ने सऊदी अरब में हुए हमलों की कड़ी निंदा की
भारत ने सऊदी अरब में हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने वाले हमले 'पूरी तरह से अस्वीकार्य' हैं तथा इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि अरामको के शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक और भारतीय घायल हो गया।मंत्रालय ने कहा, 'हम सऊदी अरब में नागरिकों और ऊर्जा अवसंरचना पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। इनमें 21 अक्टूबर को दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले भी शामिल हैं।'
विदेश मंत्रालय ने कहा, 'दुर्भाग्य से, इन हमलों के कारण नागरिकों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए हैं।'मंत्रालय ने कहा, दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में दुर्भाग्य से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक और भारतीय नागरिक घायल हो गया।'
