Ukraine Drone Attack on Russia: यूक्रेन ने रूस पर अबतक का सबसे बड़ा हमला बोला है। यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने रूसी एयरबेस को निशाना बनाया है, जिसमें कई रूसी बॉम्बर तबाह हो गए हैं। यूक्रेन की मानें तो 40 से ज्यादा रूसी बॉम्बर तबाह हो गए हैं। यूक्रेन के इस हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जेट्स को जलते हुए देखा जा सकता है। हालांकि इस हमले को लेकर रूस ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रूस के काफी अंदर था यह एयरबेस
रिपोर्ट्स के अनुसार यूक्रेन ने रूस के जिस एयरबेस को निशाना बनाया है, वो रूस के काफी अंदर है और यहीं से यूक्रेन पर रूसी विमान हमले के लिए उड़ान भरते थे। यूक्रेन के एक सुरक्षा अधिकारी ने रविवार को बताया कि कीव ने रूसी क्षेत्र में ड्रोन हमले करके 40 से अधिक रूसी विमानों को नष्ट कर दिया है। अधिकारी ने नाम का खुलासा नहीं करने की शर्त पर अमेरिकी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटिड प्रेस’ से कहा कि इस हमले को अंजाम देने में डेढ़ साल से अधिक का समय लगा और इसकी निगरानी यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने स्वयं की थी।
दूसरी तरफ शांति की बात
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि सोमवार को इस्तांबुल में रूस के साथ होने वाली प्रत्यक्ष शांति वार्ता के नए दौर की बैठक में यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। जेलेंस्की ने रविवार को ‘टेलीग्राम’ पर एक बयान में कहा कि रक्षा मंत्री रुस्तम उमरोव यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
