दुनिया

चीन के पूर्वी तट से टकराया तूफान ‘डॉल्फिन’, शंघाई में 1,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द, बाढ़-भूस्खलन का खतरा

चीन के पूर्वी तट पर डॉल्फिन तूफान ने दस्तक दे दी है। जिसके बाद तेज हवाओं और भारी बारिश के प्रभाव वाले इस चक्रवात को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शंघाई के दो एयरपोर्ट से 1,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द की गई है, जबकि लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

Image

चीन में चक्रवाती तूफान डॉल्फिन ने दी दस्तक (सांकेतिक फोटो)

Typhoon Dolphin: चीन के पूर्वी तट पर रविवार शाम चक्रवाती तूफान 'डॉल्फिन' (Typhoon Dolphin) ने दस्तक दी। तूफान के चलते शंघाई के दो प्रमुख एयरपोर्ट से 1,300 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। तूफान के खतरे को देखते हुए एहतियातन चीन के झेजियांग और शंघाई शहर में 4 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। तूफान के प्रभाव से तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

151 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं

डॉल्फिन तूफान ने झेजियांग प्रांत के ताइझोउ शहर और पड़ोसी फुजियान के उत्तरी हिस्सों को कहर बरपाया। तट से टकराते समय तूफान की रफ्तार लगभग 151 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई। इसके कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठीं और तटीय इलाकों में हालात बिगड़ गए। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में 200 से 400 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान जताया है।

शंघाई में उड़ानों पर बड़ा प्रभाव

तूफान के चलते शंघाई के होंगकियाओ और पुडोंग एयरपोर्ट पर रविवार की करीब 60 प्रतिशत उड़ानें रद्द कर दी गईं। प्रशासन ने जोखिम वाले इलाकों से 30 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। झेजियांग में भी लगभग 3.9 लाख लोगों को एहतियातन निकाला गया। फिलहाल फेरी और क्रूज सेवाओं पर भी रोक लगाई गई है।

ताइवान और फिलीपींस में भी भारी बारिश

डॉल्फिन तूफान के बाहरी हिस्सों ने शनिवार को उत्तरी ताइवान को प्रभावित किया। जिसके कारण राजधानी ताइपे समेत कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई और कुछ एयरलाइंस ने चीन के लिए उड़ानें भी रद्द कीं। फिलीपींस में भी डॉल्फिन ने मौसमी मानसून को और मजबूत कर दिया। उत्तरी लूजोन में भारी बारिश के कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाएं हुईं। बागियो शहर में भूस्खलन की चपेट में आने से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जहां 5 लोगों को बचाया गया, जबकि 7 लोग लापता बताए गए हैं।

12 हजार से ज्यादा लोग विस्थापित

फिलीपींस में मनीला समेत कई क्षेत्रों में तूफान के असर से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों के अनुसार 12 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कई शहरों और कस्बों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इससे पहले मानसूनी बारिश के बीच आए एक उष्णकटिबंधीय तूफान से भी कम से कम छह लोगों की मौत हो चुकी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article