USA: अमेरिका में एक एयरशो के दौरान दो पुराने ऐतिहासिक वॉर प्लेन आपस में टकरा गए। इस टक्कर के बाद हवा में ही दोनों प्लेनों के परखच्चे उड़ गए। एक बड़ा सा धमाका हुआ और विमानों में आग लग गई।
एपी के अनुसार दो ऐतिहासिक सैन्य विमान शनिवार को डलास में एक एयर शो के दौरान टकरा गए और दुर्घटनाग्रस्त हो गए। घटना के बाद सामने आए वीडियो में विमानों के बिखरे हुए टुकड़े दिख रहे हैं। साथ ही प्लेन में सवार लोगों की लाशें भी बिखरी मिली हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा- "मैं वहीं खड़ा था। मैं पूरी तरह से सदमे और अविश्वास में हूं।" एक और शख्स ने कहा- "मैं एक दोस्त के साथ एयर शो में शामिल हुआ था। आसपास के सभी लोग खौफ में थे। सब फूट-फूट कर रो रहे थे। हर कोई सदमे में था।"
एयर शो करने वाली कंपनी के अध्यक्ष हैंक कोट्स ने कहा कि विमानों में से एक, बी-17 फ्लाइंग फोर्ट्रेस बमवर्षक है, जिसमें आमतौर पर चार से पांच लोगों का दल होता है। दूसरे, P-63 किंगकोबरा लड़ाकू विमान में एक ही पायलट होता है।
इस घटना के बाद बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर रवाना हुआ और बचाव कार्य में जुट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टकराते ही प्लेन आग के गोलों में बदल गए। प्लेन के टुकड़े-टुकड़े हो गए। इस टक्कर के बाद पहले मृतकों की संख्या पर असमंजस की स्थिति बनी थी, लेकिन अब साफ हो गया है कि इसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई है। इन वॉर प्लेनों ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अमेरिका के दुश्मनों की हालत खराब कर दी थी।
