अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध लगातार जारी है। एक तरफ अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान को निशाना बना रहे हैं और दूसरी तरफ ईरान की तरफ से इजरायल और अरब देशों में अमेरिकी ठिकानों पर हमले हो रहे हैं। इस बीच खबर है कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दो ड्रोन गिरे हैं, जिसमें एक भारतीय भी घायल हुआ है।
दुबई मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करके इस संबंध में जानकारी दी है। भारतीय समयानुसार आज यानी बुधवार 11 मार्च को दोपहर 1:08 बजे किए गए इस पोस्ट में बताया गया है कि कुछ ही देर पहले दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो ड्रोन विमान गिरे हैं।
इस पोस्ट में बताया गया है कि ड्रोन गिरने की इस घटना में घाना के दो नागरिक और बांग्लादेश का एक नागरिक घायल हुए हैं। इसके अलावा बताया गया है कि एक भारतीय को भी मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, यह भी जानकारी दी गई है कि एयरपोर्ट से नॉर्मल ऑपरेशन जारी है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार ईरान की तरफ से छोड़े गए यह दोनों ड्रोन दुबई एयरपोर्ट के पास क्रैश हो गए। दुबई के मीडिया ऑफिस ने जानकारी की दी है कि इस ड्रोन क्रैश में कुल चार लोग घायल हुए हैं। दुबई एयरपोर्ट की तरफ से कहा गया है कि एयरपोर्ट पर सभी सेवाएं पहले की तरह सुचारू रूप से चल रही हैं। यहां से एयर ट्रैफिक बिल्कुल स्मूथ चल रहा है, यानी उड़ान और लैंडिंग पर कोई असर नहीं पड़ा है।
अमेरिका-इजरायल के ईरान के साथ सैन्य संघर्ष ने पूरे खाड़ी क्षेत्र में अशांति फैली हुई है। ईरान, UAE और बहरीन जैसे देशों पर हमला कर रहा है। तो इजरायल ने लेबनान में हमले तेज कर दिए हैं।
मिडल-ईस्ट में लगातार तनाव के बीच इजरायल ने लेबनान के कई इलाकों पर हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में कम से कम 14 लोगों की मौत की खबर है। जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। इजरायली सेना का कहना है कि वह एक साथ पूरे ईरान और बेरूत में हिजबुल्लाह के आधारभूत ढांचे पर हमले कर रही है।
