दुनिया

ट्रंप का बड़ा फैसला, हाईवे पर ‘डाईड डीजल’ के अस्थायी इस्तेमाल को दी मंजूरी, जारी किया एग्जीक्यूटिव आदेश

मेरिका में ‘डाईड डीजल’ आम तौर पर ऑफ-रोड इस्तेमाल के लिए होता है। ट्रंप के आदेश के तहत इसे अस्थायी रूप से हाईवे पर इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है। ट्रंप की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सीमित वैश्विक डीजल सप्लाई के कारण कीमतों पर दबाव बढ़ा है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : AP

Trump Order on 'Dyed Diesel': किसानों और ट्रकर्स को बड़ी राहत देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऑफ-रोड ‘डाईड डीजल’को अस्थायी तौर पर हाईवे पर इस्तेमाल करने की अनुमति दी है। इसके लिए उन्होंने एग्जीक्यूटिव आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक रिफाइनिंग क्षमता की कमी को डीजल कीमतें बढ़ने की वजह बताया है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि इस फैसले से डीजल की लागत कम होगी और अमेरिकी किसानों, ट्रकर्स और कामगारों को राहत मिलेगी।

डाईड डीजल' पर फेडरल टैक्स टाला

अमेरिका में ‘डाईड डीजल’ आम तौर पर ऑफ-रोड इस्तेमाल के लिए होता है। ट्रंप के आदेश के तहत इसे अस्थायी रूप से हाईवे पर इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है। ट्रंप की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सीमित वैश्विक डीजल सप्लाई के कारण कीमतों पर दबाव बढ़ा है। बयान में इसके लिए रूस-यूक्रेन युद्ध और दुनिया भर में रिफाइनिंग क्षमता की कमी को जिम्मेदार बताया गया है। साथ ही ट्रंप ने 'डाईड डीजल' पर फेडरल टैक्स टाल दिया है।

6.50 डॉलर प्रति गैलन तक डीजल की कीमत

दरअसल, अमेरिका में डीजल की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। यह पिछले महीने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचकर लगभग 6.50 डॉलर प्रति गैलन हो गईं। 3 नवंबर को होने वाले अमेरिका के मिडटर्म चुनावों से पहले राष्ट्रपति ट्रंप के लिए डीजल की कीमत एक बड़ी चुनौती के रूप में पेश हुई है। इन चुनावों में कांग्रेस पर नियंत्रण दांव पर है। फिलहाल ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के पास सीनेट और प्रतिनिधि सभा, दोनों में मामूली बहुमत है।

ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हुई

माल ढुलाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी अमेरिका-इजराइल के ईरान के साथ युद्ध और रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के कारण हुई है। इन संघर्षों के चलते मध्य पूर्व और रूस में रिफाइनरियों पर हमले हुए हैं, जिससे ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हुई है। ट्रंप ने कहा कि उनके निर्देश के तहत टैक्स-फ्री डीजल के लिए लागू ‘ऑफ-रोड’ उपयोग की शर्त को अस्थायी रूप से हटा दिया जाएगा। इसका मतलब है कि कोई भी व्यक्ति लाल रंग वाला डीजल खरीद सकेगा, जिसका इस्तेमाल आम तौर पर कृषि क्षेत्र और कुछ ऑफ-रोड वाहनों में किया जाता है।

संघीय एक्साइज टैक्स के भुगतान पर राहत

ट्रंप ने इस छूट के बारे में कहा, 'उम्मीद है कि हमें इसकी लंबे समय तक जरूरत नहीं पड़ेगी।' व्हाइट हाउस द्वारा जारी आदेश में ट्रेजरी सचिव को निर्देश दिया गया है कि वह रक्षा मंत्री से परामर्श करके साल के बाकी हिस्से के लिए सड़कों पर इस्तेमाल किए जाने वाले डाईड डीजल पर लगने वाले संघीय एक्साइज टैक्स के भुगतान को बिना ब्याज या जुर्माने के स्थगित करें। आदेश में ट्रेजरी सचिव से यह भी कहा गया है कि वे ऐसे विकल्प तलाशें, जिनके जरिए स्थगित किए गए इन करों के भुगतान की बाध्यता को समाप्त किया जा सके।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article