दुनिया

रूस-यूक्रेन शांति वार्ता की पहल तेज, अमेरिकी समयसीमा से पहले ट्रंप के दूत करेंगे पुतिन से मुलाकात

पुतिन के लिए ट्रंप की समय सीमा शुक्रवार को समाप्त हो रही है। वाशिंगटन ने धमकी दी है कि अगर हत्याएं नहीं रुकीं तो कठोर टैरिफ और अन्य आर्थिक दंड लगाए जाएंगे।

Image

पुतिन से मुलाकात करेंगे स्टीव विटकॉफ (AP)

Photo : AP

क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति कायार्लय) ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यहां मुलाकात कर रहे हैं। यह बैठक व्हाइट हाउस द्वारा रूस को यूक्रेन के साथ शांति समझौता करने के लिए दी गई समय सीमा से कुछ दिन पहले हो रही है। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि शांति समझौता नहीं करने पर रूस को गंभीर आर्थिक दंड का सामना करना पड़ सकता है, जिससे रूस से तेल खरीदने वाले देश भी प्रभावित हो सकते हैं। रूस के लिए ट्रंप की समय सीमा शुक्रवार को समाप्त होगी।

विटकॉफ ने की पुतिन के दूत से बातचीत

क्रेमलिन ने बैठक के बारे में तुरंत और जानकारी नहीं दी। इससे पहले, TASS द्वारा प्रसारित फुटेज में दिखाया गया था कि विटकॉफ ने क्रेमलिन से कुछ ही दूरी पर स्थित जार्यादे पार्क में रूसी राष्ट्रपति के निवेश एवं आर्थिक सहयोग दूत किरिल दिमित्रीव के साथ सुबह-सुबह सैर की। दिमित्रिव ने हाल के महीनों में इस्तांबुल में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच तीन दौर की सीधी वार्ताओं और रूसी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच चर्चाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रूस द्वारा अपने पड़ोसी पर आक्रमण के बाद तीन साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करने की दिशा में वार्ता में कोई प्रगति नहीं हुई।

समय सीमा शुक्रवार को हो रही है खत्म

पुतिन के लिए ट्रंप की समय सीमा शुक्रवार को समाप्त हो रही है। वाशिंगटन ने धमकी दी है कि अगर हत्याएं नहीं रुकीं तो कठोर टैरिफ और अन्य आर्थिक दंड लगाए जाएंगे। ट्रंप ने यूक्रेन के नागरिक क्षेत्रों पर रूस के बढ़ते हमलों पर पुतिन के प्रति निराशा जताई है। ये हमले ऐसे समय में तेज हुए हैं, जब ट्रंप ने हाल के महीनों में पुतिन से नरम रुख अपनाने का आग्रह किया है।

रूस ने किया मनोरंजन केंद्र पर हमला

क्षेत्रीय गवर्नर इवान फेडोरोव ने बुधवार को कहा कि मंगलवार से बुधवार की रात रूसी सेना ने यूक्रेन के दक्षिणी ज़ापोरिज्जिया क्षेत्र में एक मनोरंजन केंद्र पर हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और दो बच्चों सहित 12 लोग घायल हो गए। रूसी सेना ने इस क्षेत्र पर कम से कम चार हमले किए और शुरुआत में शक्तिशाली ग्लाइड बमों से हमला किया। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, इस हमले में कोई सैन्य समझदारी नहीं है। यह सिर्फ डराने के लिए क्रूरता है।

जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के पावर ग्रिड और हीटिंग गैस सुविधाओं पर भी हमला किया है, क्योंकि यूक्रेन सर्दियों की तैयारी कर रहा है। पश्चिमी विश्लेषकों और यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि पुतिन समय की कमी को पूरा करने में लगे हैं और गंभीर बातचीत से बच रहे हैं, जबकि रूसी सेना यूक्रेन की और जमीन पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर रही है। वसंत ऋतु में शुरू हुआ और पतझड़ तक जारी रहने की संभावना वाला रूसी आक्रमण पिछले साल की तुलना में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन धीमी बढ़त हासिल कर रहा है जो उसे महंगा भी पड़ रहा है और किसी भी बड़े शहर पर कब्ज़ा नहीं कर पाया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article