दुनिया

भारत दौरे पर आएंगे डोनाल्ड ड्रंप, रूबियो बोले-2027 की शुरुआत में होगी अमेरिकी राष्ट्रपति की यात्रा

रूबियो ने भारत और अमेरिका की बढ़ती साझेदारी और सहयोग का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच रिश्ते की 'केमेस्ट्री' शानदार है। वाशिंगटन डीसी में न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत करते हुए रूबियो ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को अंतिम रूप देने के लिए वह इस साल के अंत से पहले भारत की यात्रा कर सकते हैं।

Image

अगले साल की शुरुआत में भारत की यात्रा पर आएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : PTI

Trump To Visit India: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत की यात्रा पर जा सकते हैं। रूबियो ने भारत और अमेरिका की बढ़ती साझेदारी और सहयोग का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच रिश्ते की 'केमेस्ट्री' शानदार है। वाशिंगटन डीसी में न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत करते हुए रूबियो ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को अंतिम रूप देने के लिए वह इस साल के अंत से पहले भारत की यात्रा कर सकते हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप के दौरे पर हम काम कर रहे-रूबियो

रूबियो ने कहा, 'हम उम्मीद कर रहे हैं कि हम इसी दिशा में काम कर रहे हैं। अगले साल की शुरुआत में किसी समय राष्ट्रपति का आगमन हो। मुझे लगता है कि यह बहुत सकारात्मक है। भारत संयुक्त राज्य अमेरिका का इतना करीबी भागीदार और सहयोगी है, और प्रधानमंत्री तथा राष्ट्रपति के बीच संबंध इससे अधिक करीबी नहीं हो सकते, जो मुझे लगता है कि कूटनीति में वास्तव में महत्वपूर्ण है।'

2020 के बाद होगी यह पहली यात्रा

यदि यह यात्रा होती है, तो यह फरवरी 2020 के बाद से ट्रंप की पहली भारत यात्रा होगी और दूसरे कार्यकाल के लिए व्हाइट हाउस में लौटने के बाद उनकी पहली यात्रा होगी। ट्रंप और पीएम मोदी की आखिरी मुलाकात फ्रांस के एवियन में जी7 शिखर सम्मेलन के इतर हुई थी, जो 16 महीनों में उनकी पहली द्विपक्षीय बैठक थी।

व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के प्रयास तेज-रूबियो

दोनों नेताओं के बीच संबंधों की सराहना करते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, 'राष्ट्रपति और भारत के प्रधानमंत्री के बीच संबंध शानदार हैं।' यह प्रस्तावित यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब नई दिल्ली और वाशिंगटन एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत जारी रखे हुए हैं, जिसके बारे में रुबियो ने कहा कि यह पूरा होने के करीब है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह शानदार चल रहा है। यह बहुत मजबूत है। जी7 में प्रधानमंत्री के साथ हमारी, राष्ट्रपति की एक बेहतरीन बैठक हुई थी। हम एक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की उम्मीद कर रहे हैं। हम इसे पूरा करने के आखिरी पड़ाव पर हैं और यह बहुत सकारात्मक है।'

'PM मोदी ने भारत को वैश्विक शक्ति बनाया'

रुबियो ने आगे कहा कि दोनों देश क्वाड समूह की एक और बैठक का इंतजार कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि वह राष्ट्रपति की यात्रा की रूपरेखा तैयार करने में मदद करने के लिए साल के अंत से पहले भारत लौटेंगे। इसके अलावा, रुबियो ने पीएम मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि वह भारतीय नेता के 'प्रशंसक' हैं और उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत का कद बढ़ाने का श्रेय उन्हें दिया। उन्होंने कहा, 'मोदी ने भारत को एक वैश्विक शक्ति बना दिया है।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article