अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप White House Correspondents Dinner में शामिल होने वाले हैं। यह पहला मौका है कि जब राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप संवाददाताओं के रात्रिभोज में शामिल हो रहे हैं। इस कार्यक्रम में आमतौर पर राष्ट्रपति और मीडिया जगत के लोग एक ही मंच पर नजर आते हैं।
कब हो रहा आयोजन
इस वार्षिक कार्यक्रम का आयोजन 25 अप्रैल को हो रहा है। संवाददाताओं का रात्रिभोज वाशिंगटन का एक प्रसिद्ध कार्यक्रम है, जहां राष्ट्रपति, पत्रकार, चर्चित हस्तियां और वाशिंगटन के चुनिंदा लोग शामिल होते हैं, जो एक-दूसरे से बातचीत करते हैं।
संवाददाताओं का रात्रिभोज कार्यक्रम
White House Correspondents Dinner कार्यक्रम का पहली बार आयोजन 1920 में किया गया था। 100 साल से अधिक लंबे इतिहास में ट्रंप एकलौते ऐसे राष्ट्रपति थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान एक बार भी इसमें हिस्सा नहीं लिया था।
ईरान युद्ध के बीच आयोजन
यह कार्यक्रम ऐसे समय पर हो रहा है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर है। साथ ही हालिया सर्वे में ट्रंप की लोकप्रियता में भी गिरावट दर्ज की गई है। एनबीसी न्यूज के हालिया सर्वे में 37 फीसदी लोग ट्रंप के कामकाज से संतुष्ट नजर आए, जबकि 63 प्रतिशत लोगों ने असहमति जताई। महंगाई और जीवनयापन की लागत को लेकर भी बड़ी संख्या में लोगों ने नाराजगी जाहिर की।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, Correspondents Dinner अमेरिकी लोकतंत्र और व्हाइट हाउस कवरेज करने वाले पत्रकारों के सम्मान का प्रतीक माना जाता है। हालांकि, ट्रंप का कार्यक्रम में शामिल होना अपने आप में बड़ी बात है, क्योंकि मीडिया के साथ उनकी तनातनी किसी से छिपी नहीं है।
क्या पहली बार शामिल हो रहे ट्रंप?
बतौर राष्ट्रपति ट्रंप पहली बार कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। हालांकि, वह पहले भी संवाददाताओं के रात्रिभोज में शामिल हो चुके हैं। 2011 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा और कॉमेडियन सेठ मेयर्स ने ट्रंप पर सार्वजनिक मंच से तंज कसा था।
