दुनिया

'कल तक खुल सकता है होर्मुज स्ट्रेट, अगला कदम होगा ईरान का परमाणु खात्मा'- ईरान वार्ता पर ट्रंप का बड़ा दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ बातचीत के पहले चरण में होर्मुज जलडमरूमध्य को जल्द ही फिर से खोला जा सकता है। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा होगी। वहीं, ईरान ने अमेरिका के साथ वार्ता से इनकार किया है।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (File Image)

Photo : AP

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी वार्ता को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोमवार (स्थानीय समय) को कहा कि अगर बातचीत सफल रहती है तो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को कल तक पूरी तरह खोला जा सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि बातचीत के अगले चरण में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा होगी।

'पहला चरण होर्मुज जलडमरूमध्य खोलना'

ओवल ऑफिस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि वार्ता तेजी से आगे बढ़ रही है और एक-दो दिन में स्थिति साफ हो जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पहले चरण में होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने पर सहमति बन सकती है।

दूसरे चरण में परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत

ट्रंप ने कहा कि पहले चरण के बाद बातचीत का केंद्र ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रहेगा। उनका कहना था कि अमेरिका चाहता है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह समाप्त हो और वह कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर सके। उन्होंने दोहराया कि इस मुद्दे पर अमेरिका का रुख पहले जैसा ही है और इसमें कोई बदलाव नहीं आया है।

'सैन्य कार्रवाई रोककर दिया आखिरी मौका'

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ईरान पर बड़े सैन्य हमले की तैयारी कर चुका था, लेकिन सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर और ईरान की ओर से बातचीत का अवसर देने की अपील की गई, जिसके बाद अमेरिका द्वारा कार्रवाई रोक दी गई। उन्होंने कहा कि यह ईरान के लिए समझौता करने का "आखिरी मौका" है।

ईरान ने बातचीत से किया इनकार

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' और प्रेस कॉन्फ्रेंस दोनों जगह ईरान नेतृत्व को दोहरा रवैया अपनाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि ईरानी अधिकारी अमेरिकी अधिकारियों के साथ घंटों बैठकें करते हैं, लेकिन मीडिया के सामने आकर बातचीत होने से साफ मुकर जाते हैं। ट्रम्प का यह बयान ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई द्वारा अमेरिका के साथ प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष वार्ता की खबरों को खारिज करने के बाद आया। बगाई ने कहा कि तेहरान वाशिंगटन के साथ द्विपक्षीय वार्ता में शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि ओमान के साथ होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री यातायात को लेकर जो व्यवस्था बनाई जा रही है, वह केवल जहाजों की सुरक्षित आवाजाही के लिए तकनीकी व्यवस्था है, इसका होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने से कोई संबंध नहीं है।

सैन्य परिवारों के लिए नया आयोग भी बनाया

इसी दौरान ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य परिवारों के समर्थन के लिए पहले 'प्रेसिडेंशियल मिलिट्री स्पाउस कमीशन' के गठन संबंधी एक कार्यकारी आदेश (Executive Order) पर भी साइन किए। उन्होंने कहा कि यह पहल सैन्य परिवारों को बेहतर सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article