दुनिया

Video: 'साल के आखिर तक रूसी तेल खरीदना बंद कर देगा भारत', PM मोदी से बातचीत के बाद ट्रंप का दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत जल्द ही रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। उन्होंने बताया कि उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत हुई, जिसमें मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि साल के अंत तक भारत रूसी तेल खरीद को लगभग खत्म कर देगा। ट्रंप ने कहा कि चीन की स्थिति भारत से अलग है और आरोप लगाया कि “बाइडेन और ओबामा की नीतियों ने चीन और रूस को एक-दूसरे के करीब ला दिया।”

Image

भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने को लेकर ट्रंप ने फिर किया अजीबोगरीब दावा।(फोटो सोर्स: AP)

Photo : AP

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि भारत कुछ महीनों के बाद से रूसी तेल नहीं खरीदेगा। उन्होंने आगे कहा, “भारत ने मुझसे कहा है कि वे रूस से तेल खरीदना रोकने की प्रक्रिया में हैं। यह तुरंत नहीं रुक सकता, लेकिन साल के अंत तक वे इसे लगभग खत्म कर देंगे। मैंने प्रधानमंत्री मोदी से कल बात की। बातचीत शानदार रही।”

चीन द्वारा रूसी तेल खरीदे जाने पर ट्रंप ने कहा, चीन की स्थिति भारत से अलग है। ट्रंप ने आरोप लगाया कि “बाइडेन और ओबामा की नीतियों ने चीन और रूस को एक-दूसरे के करीब ला दिया। वे पहले कभी इतने करीब नहीं थे, लेकिन ऊर्जा और तेल की वजह से अब साथ हैं।”

चीन को लेकर क्या बोले ट्रंप?

वहीं, ट्रंप ने कहा कि मैं जल्द ही चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करूंगा। उन्होंने कहा कि शी जिनपिंग से होने वाली बातचीत में उनका मुख्य फोकस रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर होगा। उन्होंने कहा, “हम इस पर बात करेंगे कि तेल या ऊर्जा के जरिये इस युद्ध को कैसे खत्म किया जा सकता है। मुझे लगता है कि शी इस पर बहुत सकारात्मक रहेंगे।”

दक्षिण कोरिया में होगी शी जिनपिंग से मुलाकात

ट्रंप ने बताया कि अगले हफ्ते वे तीन देशों की यात्रा पर जा रहे हैं। मलेशिया, दक्षिण कोरिया और जापान। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया की यात्रा के दौरान उनकी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात तय है, जो काफी लंबी होगी।

ट्रंप ने कहा, 'हमारे बीच कई मुद्दों पर बातचीत होगी - हमारे सवाल, शंकाएं और साझा आर्थिक संसाधन. इन सब पर हम मिलकर काम करना चाहते हैं.'

उन्होंने आगे बताया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली मुलाकात रद्द कर दी गई है। इसके पीछे कारण बताते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे लगा कि वह मुलाकात इस समय सही नहीं होगी। ऐसा महसूस हुआ कि हम उस मंजिल तक नहीं पहुंच सकते जहां हमें पहुंचना चाहिए था, इसलिए मैंने बैठक रद्द कर दी।'

ट्रंप ने की पीएम मोदी से फोन पर बातचीत

ट्रंप ने ये दावा मंगलवार देर रात पीएम मोदी से फोन पर बातचीत के बाद किया है। ट्रंप ने ये फोन कॉल पीएम मोदी को दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिया किया था। पीएम मोदी ने भी फोन पर शुभकामनाओं के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का आभार जताया है।

ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक विशेष दिवाली समारोह में दीया जलाया और बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की है। पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि पीएम मोदी ने उन्हें रूसी तेल खरीद कम करने का आश्वासन दिया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article