Trump China Visit: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत के बाद कहा कि वह और शी अगले महीने दक्षिण कोरिया में एक शिखर सम्मेलन में मुलाकात करेंगे और वह अगले साल की शुरुआत में चीन की यात्रा करेंगे। ट्रंप ने कहा कि दोनों नेताओं ने फोन के दौरान कई मुद्दों पर बातचीत की जिसमें व्यापार, फेंटेनाइल तस्करी, यूक्रेन युद्ध और अमेरिका में टिकटॉक को जारी रखने के लिए एक समझौते को मंजूरी देना शामिल है।
ट्रंप ने क्या कुछ कहा?
ट्रंप ने सोशल मीडिया 'ट्रुथ' पर एक पोस्ट में कहा, ''मैंने अभी-अभी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बहुत उपयोगी बातचीत पूरी की। हमने व्यापार, फेंटेनाइल, रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की जरूरत और टिकटॉक को जारी रखने के लिए एक समझौते को मंजूरी सहित कई अहम मुद्दों पर बातचीत की।''
ट्रंप ने कहा कि मैं जिनपिंग के साथ इस बार पर भी सहमत हूं कि हम दक्षिण कोरिया में APEC शिखर सम्मेलन में मिलेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि वह अगले साल की शुरुआत में चीन जाएंगे और जिनपिंग भी उचित समय पर अमेरिका आएंगे। उन्होंने कहा कि बातचीत शानदार रही, हम फिर से फोन पर बात करेंगे और हम दोनों APEC शिखर सम्मेलन मिलने के लिए उत्सुक हैं!
