दुनिया

Trump Assassination Attempt: हमलावर के निशाने पर कौन-कौन था? ट्रंप ने कर दिया खुलासा, बोले- इसाइयों से करता था नफरत

Trump Assassination Attempt: अमेरिका में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि वह (संदिग्ध) इसाइयों से नफरत करता था।

Image

डोनाल्ड ट्रंप

Trump Assassination Attempt: अमेरिका में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार संदिग्ध कोल एलन को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने रविवार को कहा कि व्हाइट हाउस संवाददाता संघ (डब्ल्यूएचसीए) के रात्रिभोज में हथियारों के साथ घुसने की कोशिश करने वाला आरोपी ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था। उन्होंने यह भी कहा कि उसके परिवार ने पहले ही कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समक्ष इसे लेकर चिंता जताई थी।

'फॉक्स न्यूज’को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने यह भी बताया कि आरोपी के परिवार ने कनेक्टिकट पुलिस को पहले ही सचेत किया था। ट्रंप ने कहा कि आरोपी के कथित घोषणापत्र में ईसाइयों के प्रति शत्रुता झलकती है। जब आप उसका घोषणापत्र पढ़ते हैं तो उसके मंसूबे साफ पता चलते हैं। मुझे लगता है कि उसकी बहन या उसका भाई इसकी शिकायत कर रहे थे। वे लोग कानून प्रवर्तन से शिकायत कर रहे थे।

ट्रेन से कैलिफोर्निया से वाशिंगटन पहुंचा था आरोपी

न्याय विभाग के कार्यवाहक प्रमुख टोड ब्लैंच ने बताया कि संदिग्ध की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और सोमवार को अमेरिका के न्याय विभाग की ओर से उस पर आपराधिक आरोप तय किए जा सकते हैं।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ट्रेन से कैलिफोर्निया से वाशिंगटन पहुंचा था और कार्यक्रम से कुछ दिन पहले उसी होटल में ठहरा था जहां यह हाई-प्रोफाइल आयोजन हो रहा था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और आरोपी के नोट्स के आधार पर यह संकेत मिला है कि उसका लक्ष्य प्रशासन से जुड़े लोग थे, संभवतः राष्ट्रपति भी।

खुद को बताया था फ्रेंडली फेडरल असैसिन

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने घटना से पहले अपने परिजनों को संदेश भेजकर खुद को “फ्रेंडली फेडरल असैसिन” बताया था और ट्रंप प्रशासन की नीतियों के प्रति नाराजगी जाहिर की थी। उसके सोशल मीडिया खातों से भी सरकार विरोधी कई पोस्ट मिले हैं, जिन्हें जांच एजेंसियां उसके मकसद को समझने के लिए खंगाल रही हैं। अधिकारी के अनुसार, वाशिंगटन हिल्टन में गोली चलने से ठीक पहले भेजे गए इन संदेशों में राष्ट्रपति का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया, लेकिन कई बार उनका संदर्भ दिया गया और प्रशासन की विभिन्न नीतियों तथा हालिया घटनाओं-जैसे पूर्वी प्रशांत महासागर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली नौकाओं पर अमेरिकी कार्रवाई को लेकर असंतोष व्यक्त किया गया।

खरीदी थी पिस्तौल और शॉटगन

घटना के दौरान आरोपी ने वाशिंगटन हिल्टन के बॉलरूम में घुसने की कोशिश की,लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने उसे काबू कर लिया। इस दौरान गोली चलने की भी सूचना है, जिससे कार्यक्रम में मौजूद मेहमानों में दहशत फैल गई। कई लोग अपनी सुरक्षा के लिए मेजों के नीचे छिप गए, जबकि ट्रंप को तुरंत मंच से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पिछले कुछ वर्षों में कानूनी रूप से दो हथियार खरीदे थे, जिनमें एक पिस्तौल और एक शॉटगन शामिल है। फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका निशाना केवल शीर्ष नेतृत्व था या पूरे प्रशासन के खिलाफ व्यापक हमला करने की योजना थी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article