अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी नौसेना को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप के दावे के अनुसार ईरानी नौसेना के लगभग 50 शिप डुबाए जा चुके हैं। हालांकि ट्रंप जहाजों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे करते रहे हैं। फ्लोरिडा में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने 46 ईरानी जहाजों को डुबाने का कुछ ऐसा दावा कर दिया है, जिसकी चर्चा दुनिया भर में हो रही है।
ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि अमेरिकी हमलों से ईरान की ड्रोन और मिसाइल क्षमता को लगभग पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है और उसकी नौसैनिक ताकत को भी भारी नुकसान पहुंचा है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान के कई युद्धपोत अब समुद्र की तलहटी में पड़े हैं। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 46 जहाज डुबो दिए गए हैं। आगे ट्रंप ने कहा कि जब उन्होंने इस पर हैरानी जताई और गुणवत्ता के बारे में तो अधिकारियों ने उन्हें बताया कि ये जहाज बेहद उच्च गुणवत्ता के थे और आधुनिक तकनीक से लैस थे।
मजे के लिए डुबा दिए 46 ईरानी जहाज?
ट्रंप ने कहा- "दरअसल, इस पर मैं अपने लोगों से थोड़ा नाराज भी हुआ। मैंने पूछा, ‘ये जहाज किस गुणवत्ता के थे?’ उन्होंने कहा, ‘सर, बेहतरीन, सबसे उच्च स्तर के।’ तब मैंने कहा, ‘हमने इन जहाजों को कब्जे में क्यों नहीं लिया? हम इन्हें इस्तेमाल कर सकते थे। हमने इन्हें डुबो क्यों दिया?’ उन्होंने जवाब दिया, ‘इन्हें डुबोना ज्यादा मजेदार है।’ मैंने कहा, ‘अच्छा...।’ वे कहते हैं कि उन्हें इन्हें डुबोना ज्यादा पसंद है। उनका मानना है कि इन्हें डुबो देना ज्यादा सुरक्षित है।
अमेरिकी सेना की ट्रंप ने की जमकर तारीफ
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना ने जिस तरह से अभियान को अंजाम दिया है, वह बेहद प्रभावशाली है। उनके मुताबिक इस कार्रवाई से ईरान की सैन्य क्षमता को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में उसकी ताकत काफी कमजोर पड़ गई है।
