दुनिया

'वेनेजुएला से नहीं, अब सीधे हमसे डील करें', दुनिया की दिग्गज तेल कंपनियों के प्रमुखों से बोले ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में शीर्ष तेल-गैस कंपनियों के अधिकारियों से मुलाकात कर वेनेजुएला में निवेश पर पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के तेल उद्योग को दोबारा विकसित करने में सक्रिय भूमिका निभाएगा और कंपनियां अपने संसाधनों से बड़ा निवेश करेंगी। यह बैठक पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मदुरो की गिरफ्तारी और डेल्सी रोड्रिगेज के अंतरिम राष्ट्रपति बनने के बाद हुई, जिससे वेनेजुएला की राजनीतिक और ऊर्जा नीति में बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं।

Untitled design (25)

दुनिया के दिग्गज तेल कंपनियों से ट्रंप ने की बात।(फोटो सोर्स: Ani)

Photo : ANI

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (9 जनवरी 2026) को व्हाइट हाउस में प्रमुख अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय तेल कंपनियों के सीईओके साथ एक हाई-प्रोफाइल बैठक की। ट्रंप ने तेल कंपनियों को वेनेजुएला में निवेश को लेकर पूर्ण सुरक्षा और संरक्षण का आश्वासन दिया। इस बैठक में ट्रंप ने तेल उद्योग के प्रमुखों से वेनेजुएला में तेजी से वापसी करने और देश के विशाल तेल भंडारों को दोबारा पूरी क्षमता से दोहन करने के लिए 100 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करने का आह्वान किया।

यह बैठक वेनेजुएला में हालिया अमेरिकी कार्रवाई के बाद हुई है, जिसने वहां की राजनीतिक और ऊर्जा नीति को नई दिशा दी है। बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि दशकों पहले वेनेजुएला के तेल उद्योग को अमेरिकी तकनीक, विशेषज्ञता और पूंजी से विकसित किया गया था, लेकिन बाद में उन संपत्तियों को अमेरिका से “छीन लिया गया।” उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रशासन अब उन परिसंपत्तियों को लेकर सक्रिय कदम उठा रहा है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि दुनिया की लगभग दो दर्जन प्रमुख तेल और गैस कंपनियों के प्रतिनिधि इस बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मदुरो के सत्ता से हटने के बाद अमेरिका और वेनेजुएला दोनों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा हुए हैं और दोनों देशों की ऊर्जा अर्थव्यवस्थाओं के बीच गहरे सहयोग की संभावना बनी है।

‘सीधे अमेरिका से होगी बातचीत’

उद्योग जगत को आश्वस्त करते हुए ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला में काम करने वाली कंपनियां अब सीधे अमेरिका के साथ समन्वय में काम करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निवेशकों को सुरक्षा, स्थिरता और संरक्षण की गारंटी दी जाएगी।

ट्रंप ने बैठक के दौरान स्पष्ट रूप से कहा कि आप वेनेजुएला से नहीं, बल्कि हमसे निपट रहे हैं। आप पूरी तरह सुरक्षित हैं। आप सीधे हमसे बात कर रहे हैं, वेनेजुएला से बिल्कुल भी नहीं। हम नहीं चाहते कि आप वेनेजुएला से बात करें।

ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी तेल कंपनियां सरकार की वित्तीय सहायता के बिना, अपने संसाधनों से कम से कम 100 अरब डॉलर का निवेश कर वेनेजुएला के तेल उत्पादन और बुनियादी ढांचे को दोबारा विकसित करेंगी।

तेल कंपनियों को मिलेगी सुरक्षा: ट्रंप

ट्रंप ने आगे कहा कि हमारी विशाल तेल कंपनियां कम से कम 100 अरब डॉलर अपना पैसा खर्च करेंगी, न कि सरकार का पैसा। उन्हें सरकारी पैसे की जरूरत नहीं है। लेकिन उन्हें सरकारी सुरक्षा की जरूरत है।"

राष्ट्रपति ने कहा कि सुरक्षा की गारंटी अमेरिकी सेना तैनात करने के बजाय वेनेजुएला के नेताओं और वहां के लोगों के साथ मिलकर काम करने से मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनियां "कुछ हद तक सुरक्षा मुहैया कराएंगी।"

बैठक में कौन-कौन थे मौजूद?

बैठक में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रूबियो समेत ट्रंप प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उपराष्ट्रपति वेंस ने कहा कि वेनेजुएला में की जा रही यह पहल अमेरिका की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगी और इससे देश की आर्थिक स्थिति के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

वेनेजुएला में रूस- चीन के प्रभाव को सीमित रखना चाहता अमेरिका

मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका वेनेजुएला में रूस और चीन के प्रभाव को सीमित रखना चाहता है। अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के नेतृत्व वाली सरकार को लेकर उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों देशों के संबंध सकारात्मक हैं और अमेरिका घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए है।

मदुरो की गिरफ्तारी के बाद बदली सत्ता

बता दें कि यह बैठक उस समय हुई है जब हाल ही में एक संयुक्त अमेरिकी कार्रवाई के तहत वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मदुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर अमेरिका लाया गया। दोनों पर न्यूयॉर्क की अदालत में ड्रग तस्करी और नार्को-आतंकवाद से जुड़े आरोपों में मुकदमा चल रहा है।

मदुरो के सत्ता से हटने के बाद उनकी करीबी सहयोगी डेल्सी रोड्रिगेज ने अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली है। ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका वेनेजुएला में राजनीतिक और आर्थिक घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखेगा।

Piyush Kumar
Piyush Kumar author

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घट... और देखें

End of Article