दुनिया

वे दिन खत्म हो गए, जब कुछ देश एजेंडा तय करते थे-UNGA में बोले एस जयशंकर, गिनाई भारत की कूटनीतिक उपलब्धियां

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Sep 26, 2023, 08:30 PM IST

भारत में आयोजित हुए जी20 शिखर सम्मेलन की उपलब्धियों को गिनाते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि भारत की पहल की वजह से G-20 में अफ्रीकन यूनियन को स्थाई सदस्यता मिली है। ऐसा करके हमने पूरे महाद्वीप को एक आवाज दी, जिसका काफी समय से हक रहा है।

Image

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में गिनाईं भारत की कुटनीतिक उपलब्धियां

Photo : ANI

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र को संबोधित करते हुए एक ओर जहां विश्व के ताकतवर देशों को इशारों ही इशारों में वास्तवकिता का अहसास कराया, वहीं दूसरी ओर भारत की कुटनीतिक उपलब्धियों को भी दुनिया के सामने रखा। विदेश मंत्री ने UNGA को संबोधित करते हुए कहा कि एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' का भारत का दृष्टिकोण महज कुछ देशों के संकीर्ण हितों पर नहीं, बल्कि कई राष्ट्रों की प्रमुख चिंताओं पर ध्यान केंद्रित करने का प्रयास करता है।

'वे दिन खत्म...'

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में आयोजित UNGA में बोलते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ताकतवर देशों को आइना भी दिखाया। एस. जयशंकर ने कहा- "ऐसे समय में जब पूर्व-पश्चिम ध्रुवीकरण इतना तीव्र है और उत्तर-दक्षिण विभाजन इतना गहरा है, नई दिल्ली शिखर सम्मेलन भी इस बात की पुष्टि करता है कि कूटनीति और संवाद ही एकमात्र प्रभावी समाधान हैं... वे दिन खत्म हो गए हैं जब कुछ देश एजेंडा तय करते थे और दूसरों से उसके अनुरूप चलने की उम्मीद करते थे।"

G-20 का जिक्र कर UN में बदलाव की मांग

आगे भारत में आयोजित हुए जी20 शिखर सम्मेलन की उपलब्धियों को गिनाते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि भारत की पहल की वजह से G-20 में अफ्रीकन यूनियन को स्थाई सदस्यता मिली है। ऐसा करके हमने पूरे महाद्वीप को एक आवाज दी, जिसका काफी समय से हक रहा है। इस महत्वपूर्ण कदम से संयुक्त राष्ट्र, जो उससे भी पुराना संगठन है, सुरक्षा परिषद को समसामयिक बनाने के लिए प्रेरित होना चाहिए।

भारत की कूटनीतिक उपलब्धियां

आगे विदेश मंत्री में एस. जयशंकर ने कहा कि भारत विविध साझेदारों के साथ सहयोग को बढ़ावा देना चाहता है। गुटनिरपेक्षता के युग से, अब हम 'विश्व मित्र - दुनिया के लिए एक मित्र' के युग में विकसित हो गए हैं। यह विभिन्न देशों के साथ जुड़ने और जहां आवश्यक हो, हितों में सामंजस्य स्थापित करने की हमारी क्षमता और इच्छा में परिलक्षित होता है। यह QUAD के तीव्र विकास में दिखाई देता है; यह BRICS समूह के विस्तार या I2U2 के उद्भव में भी समान रूप से स्पष्ट है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article