दुनिया

'आतंकवाद एक वैश्विक खतरा है', प्रतिनिधिमंडल ने अल्जीरिया में कहा; दूसरा डेलिगेशन पहुंचा स्पेन

अल्जीरिया में भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, आतंकवाद एक वैश्विक खतरा है, मानवता से ही इसका समाधान होगा। सांसद बैजयंत जय पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने अल्जीरियाई मीडिया, वैचारिक संस्थाओं के सदस्यों, प्रवासी भारतीयों के एक वर्ग और अल्जीरिया में भारत के मित्रों को जानकारी दी।

Image

अल्जीरिया में भारतीय प्रतिनिधिमंडल

All-Party Delegation in Algeria-Spain: उत्तरी अफ्रीकी देश अल्जीरिया की अपनी यात्रा के समापन पर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को कहा कि आतंकवाद एक वैश्विक खतरा है और मानवता से ही इसका समाधान होगा। भाजपा सांसद बैजयंत जय पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत के कूटनीतिक प्रयासों के तहत अल्जीयर्स में था। पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। अल्जीरिया में भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, आतंकवाद एक वैश्विक खतरा है, मानवता से ही इसका समाधान होगा। सांसद बैजयंत जय पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने अल्जीरियाई मीडिया, वैचारिक संस्थाओं के सदस्यों, प्रवासी भारतीयों के एक वर्ग और अल्जीरिया में भारत के मित्रों को जानकारी दी। विदेश मंत्रालय, विदेश में भारतीय समुदाय और अल्जीरिया के अफ्रीकी मामलों के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।

भारत और अल्जीरिया आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में एक साथ

पोस्ट में कहा गया है, पहलगाम आतंकवादी हमले के निर्दोष पीड़ितों को एक मिनट का मौन रखकर और पुष्पांजलि अर्पित करके श्रद्धांजलि दी गई। जय पांडा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, भारत और अल्जीरिया आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में मजबूती से एक साथ खड़े हैं। हमारे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने अल्जीरिया के विदेश मंत्री की सचिव सेल्मा बख्ता मंसूरी के साथ एक सार्थक बैठक की, जिसमें पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत के दृढ़ रुख से अवगत कराया गया और सभी प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ अल्जीरिया के स्पष्ट और सैद्धांतिक रुख की सराहना की गई।

जय पांडा के अलावा प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों में एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा, भाजपा सांसद फंगनोन कोन्याक, भाजपा सांसद सतनाम सिंह संधू और पूर्व विदेश सचिव हर्ष श्रृंगला शामिल हैं।

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल स्पेन पहुंचा

आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति से अवगत कराने के लिए तीन दिवसीय स्पेन दौरे पर पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ इस देश में अपने अभियान की शुरुआत की। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक)सांसद कनिमोई करुणानिधि के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शनिवार को स्पेन की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल स्पेन सरकार के सदस्यों, भारतीय प्रवासियों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा और आतंकवाद के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की भारत की नीति से अवगत कराएगा।

स्पेन स्थित भारतीय दूतावास ने एक्सपर जारी पोस्ट में कहा, सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करके मैड्रिड की अपनी यात्रा शुरू की, जो हिंसा पर शांति और भय पर सत्य की स्थायी शक्ति के लिए एक सशक्त श्रद्धांजलि है। शनिवार को लातविया से यहां पहुंचा यह प्रतिनिधिमंडल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद दुनियाभर के देशों में अपना दृष्टिकोण रखने के लिए शुरू की गई भारत की कूटनीतिक पहल का हिस्सा है। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। मैड्रिड स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, अगले दो दिन में प्रतिनिधिमंडल स्पेन सरकार के सदस्यों, भारतीय प्रवासियों एवं नागरिक समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा और आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने के भारत के रुख को सामने रखेगा।

आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख स्पेन के सामने रखा जाएगा

प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ एवं अडिग रुख से स्पेन को अवगत कराएगा और इस वैश्विक चुनौती से निपटने में मजबूत अंतरराष्ट्रीय सहयोग की वकालत करेगा। मिशन ने एक बयान में कहा कि विपक्षी दल की एक वरिष्ठ सांसद के नेतृत्व में यहां पहुंचा यह प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में मजबूत राष्ट्रीय सहमति और राजनीतिक लाइन से परे एकता को दर्शाता है। यह प्रतिनिधिमंडल उन सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से एक है जिन्हें भारत ने दुनियाभर की 33 राजधानियों का दौरा करने का काम सौंपा है। ये प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के साथ पाकिस्तान के संबंधों को दर्शाते हुए भारत का दृष्टिकोण अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने पेश कर रहे हैं।

पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान में नौ आतंकवादी ढांचों पर सटीक हमले किए थे जिसके बाद पाकिस्तान ने आठ, नौ और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया। भारतीय पक्ष ने हवाई अड्डों, वायु रक्षा प्रणालियों, कमान एवं नियंत्रण केंद्रों और रडार स्थलों सहित कई प्रमुख पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचाकर पाकिस्तानी हमलों का कड़ा जवाब दिया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 10 मई को घोषणा की कि भारत और पाकिस्तान के बीच भूमि, वायु और समुद्र में सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाइयों को रोकने को लेकर सहमति बन गई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article