दुनिया

ट्रंप ने कनाडा पर फोड़ा 10 फीसदी का टैरिफ बम, विज्ञापन को लेकर क्यों भड़के अमेरिकी राष्ट्रपति?

Tariff On Canada: ट्रंप ने कनाडा पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इससे पहले ट्रंप ने कनाडा पर 35 फीसदी का टैक्स लगाया था। दरअसल, ओंटारियो की सरकार ने हाल ही में एक एंटी-टैरिफ विज्ञापन अभियान शुरू किया था, जिसमें अमेरिका की मौजूदा टैरिफ नीति की आलोचना की गई। इस विज्ञापन में पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन नेता रोनाल्ड रीगन की आवाज का इस्तेमाल किया गया है। इस विज्ञापन पर ट्रंप ने नाराजगी जाहिर की है।

Image

ट्रंप ने कनाडा पर 10 फीसदी टैरिफ लगाया।(फोटो सोर्स: AP)

Photo : AP

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इस ऐलान के साथ कनाडा पर कुल 45 फीसदी टैरिफ पहुंच गया है। ट्रंप ने यह बढ़ोतरी कनाडा के ओंटारियो प्रांत द्वारा प्रसारित एक टैरिफ-विरोधी टेलीविजन विज्ञापन के बाद की है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप इस नए टैरिफ को लागू करने के लिए कौन-सा कानूनी अधिकार इस्तेमाल करेंगे। व्हाइट हाउस ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

विज्ञापन तुरंत हटाया जाए: ट्रंप

ट्रंप ने एयर फोर्स वन से मलेशिया जाते समय अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफ़ॉर्म पर एक पोस्ट में कहा कहा कि उनका विज्ञापन तुरंत हटाया जाना था, लेकिन उन्होंने इसे कल रात वर्ल्ड सीरीज के दौरान चलने दिया, यह जानते हुए भी कि यह एक धोखाधड़ी है। इसके साथ ही ट्रंप ने कहा कि तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत करने और शत्रुतापूर्ण व्यवहार के कारण, मैं कनाडा पर टैरिफ में 10% की वृद्धि कर रहा हूं।

क्या है मामला?

बता दें कि ओंटारियो की सरकार ने हाल ही में एक एंटी-टैरिफ विज्ञापन अभियान शुरू किया था, जिसमें अमेरिका की मौजूदा टैरिफ नीति की आलोचना की गई। इस विज्ञापन में पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन नेता रोनाल्ड रीगन की आवाज का इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में रीगन के 1987 के उस संबोधन का जिक्र किया गया है, जिसमें वो विदेशी सामान पर टैरिफ की आलोचना करते हुए कह रहे हैं कि टैरिफ के कारण नौकरियां खत्म होती हैं और ट्रेड वार होते हैं। रीगन 1981 से 1989 तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे। बहुत सारे रिपब्लिकन रीगन को अपना हीरो मानते हैं।

अमेरिका ने पहले से ही कनाडाई सामान पर 35 प्रतिशत टैरिफ लगा रखा है। वहीं, कुछ सेक्टरों पर अलग से भारी टैक्स लागू हैं। धातु (स्टील, एल्युमिनियम) पर: 50 प्रतिशत टैक्स। ऑटोमोबाइल और ऑटो पार्ट्स पर 25 प्रतिशत टैक्स लगाया जा चुका है।

अमेरिकी टैरिफ से परेशान है कनाडा

बता दें कि कनाडा की अर्थव्यवस्था पहले से ही अमेरिकी टैरिफ से प्रभावित है। प्रधानमंत्री मार्क कार्नी (Mark Carney) ट्रंप से टैरिफ कम कराने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों नेता जल्द ही मलेशिया में आयोजित आसियान (ASEAN) सम्मेलन में भाग लेंगे, लेकिन ट्रंप ने कहा है कि वे कार्नी से वहां मुलाकात नहीं करेंगे। अमेरिका और कनाडा के बीच प्रतिदिन करीब 3.6 अरब कनाडाई डॉलर का व्यापार होता है।

ट्रंप का आरोप है कि ओंटारियो सरकार द्वारा प्रसारित यह विज्ञापन अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले को प्रभावित करने की कोशिश है, जहां अगले महीने यह तय किया जाएगा कि ट्रंप को इतने व्यापक टैरिफ लगाने का अधिकार था या नहीं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article