दुनिया

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच युद्ध की आहट! तालिबान का दावा- झड़प में 58 PAK सैनिकों की मौत

Taliban Pakistan Conflict: तालिबान ने बताया कि बीती रात अफगान बलों और पाकिस्तानी सेना के बीच हुई भीषण झड़पों में 58 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि 30 अन्य घायल हुए हैं। मुजाहिद ने कहा कि इस अभियान में इस्लामिक अमीरात बलों के हाथ बड़ी मात्रा में पाकिस्तानी हथियार और गोला-बारूद भी लगे हैं।

Image

तालिबान का दावा- झड़प में 58 PAK सैनिकों की मौत हो चुकी है।(फोटो सोर्स: AP)

Photo : AP

Taliban Pakistan Conflict: अफगानिस्तान के काबुल पर हुए एयर स्ट्राइक के बाद अफगान सेना ने पाकिस्तान पर जबरदस्त जवाबी हमला किया है। अफगान सेना का दावा है कि झड़प में पाकिस्तान के 58 सैनिकों की मौत हो चुकी है। अफगानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि बीती रात अफगान बलों और पाकिस्तानी सेना के बीच हुई भीषण झड़पों में 58 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि 30 अन्य घायल हुए हैं।

मुजाहिद ने कहा कि झड़प के दौरान अफगान सेना को बड़ी तादाद में पाकिस्तानी हथियार और गोला-बारूद भी हाथ लगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस संघर्ष में अफगान बलों के 20 से अधिक सदस्य भी मारे गए या घायल हुए हैं। अफगान सेना की मानें तो पाकिस्तान की कई चौकियों को तबाह कर दिया गया है।

देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हम पूरी तरह तैयार: तालिबान

तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘‘अगर विरोधी पक्ष फिर से अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करता है तो हमारे सशस्त्र बल देश की सीमाओं की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उसका माकूल जवाब देंगे।’’ अफगान बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में अंगूर अड्डा, बाजौर, कुर्रम, दीर और चित्राल एवं बलूचिस्तान में बारामचा स्थित पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया।

पाकिस्तान ने क्या कहा?

वहीं पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने सीमा चौकियों पर तालिबान के हमलों को ‘‘अकारण’’ बताया और उन पर आम नागरिकों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘अफगान बलों ने नागरिक आबादी को निशाना बनाकर गोलीबारी की जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों का घोर उल्लंघन है। पाकिस्तान के जांबाज सुरक्षाबलों ने त्वरित और असरदार जवाब दिया है और किसी भी उकसावे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सेनाएं सतर्क हैं और अफगानिस्तान को ईंट का जवाब पत्थर से दिया जा रहा है।

तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) की ओर से कथित तौर पर अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल करते हुए बार-बार आतंकवादी हमले करने के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच स्थिति बिगड़ गई, जिसमें पिछले हफ्ते अशांत खैबर पख्तूनख्वा के ओरकजई जिले में हुआ एक हमला भी शामिल है। उस हमले में एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर समेत 11 सैन्यकर्मियों की जान चली गई थी।

काबुल हमले के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार: तालिबान

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से बृहस्पतिवार रात को विस्फोटों की खबरें मिलीं थी। अफगानिस्तान ने इन हमलों के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया, हालांकि पाकिस्तानी सेना ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया। माना जा रहा है कि काबुल में हमलों के बाद अफगान सुरक्षा बलों ने शनिवार रात पाकिस्तान को निशाना बनाकर हमले किए।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article