दुनिया

VIDEO: तिब्बत की ओर से आई भीषण तबाही, नेपाल के रसुवा में बाढ़ से हाहाकार, तबाह हो गया पुल, कई गाड़ियां भी बह गईं

Nepal Flood: तिब्बत की तरफ से नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। बताया जा रहा है कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे भोटे कोशी नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आया।

Image

नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही

Photo : Times Now Digital

Nepal Flood: तिब्बत की तरफ से नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। जिससे सीमावर्ती इलाकों को भारी नुकसान हुआ और कई जिलों में प्रशासन को हाई अलर्ट जारी करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ की वजह से गाड़ियां, सामान और अन्य संपत्तियां बह गईं।

बताया जा रहा है कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे भोटे कोशी नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बाढ़ का पानी कथित तौर पर तिब्बत की तरफ से आया। पानी का स्तर अचानक बढ़ने से रसुवा जिले के तिमुरे और पास के स्याफ्रुबेसी इलाके में भारी नुकसान हुआ।

कई गाड़ियों को बहा ले गई बाढ़

रसुवा जिला काठमांडू के नॉर्थ-ईस्ट में है, जो तिब्बत बॉर्डर से लगभग 125 किलोमीटर दूर है। नेपाल सेना ने एक बयान में बताया कि बाढ़ के तेह बहाव में कई गाड़ियां, सामान और अन्य संपत्तियां बह गईं। हाल ही में बना एक पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया।

भीषण तबाही के बाद अलर्ट जारी

नेपाल के नेशनल डिज़ास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRMM) ने एक बयान जारी कर रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, चितावन और गोरखा जिलों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को अगले आदेश तक सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है।

रसुवा के सहायक मुख्य जिला अधिकारी ध्रुव प्रसाद अधिकारी ने कहा कि बाढ़ की वजह से दोनों बस्तियों को काफी नुकसान हुआ है। रसुवा के मुख्य सीमा शुल्क अधिकारी राजेंद्र धुंगाना ने कहा कि सीमा शुल्क परिसर में रखी कई गाड़ियां और सामान बह गए। हाल ही में बना एक पुल भी तबाह हो गया।

Nepal Flood

नेपाल में बाढ़ से हाहाकार

PM ने हाई लेवल मीटिंग बुलाई

मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने राहत और बचाव अभियान तेज करने के लिए नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के जवानों को रसुवा तथा आसपास के इलाकों में तैनात किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, बाढ़ के बाद की स्थिति की समीक्षा और जरूरी कदम उठाने के लिए हाई लेवल मीटिंग भी बुलाई जा रही है।

हेल्पलाइन नंबर जारी

प्रधानमंत्री बालेन शाह ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और बचाव एजेंसियों के अपडेट का इंतजार करने की अपील की। साथ ही राहत और बचाव से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1234 जारी किया गया है।

तलाशी ऑपरेशन जारी

नेपाल सेना ने त्रिशूली नदी के आसपास के इलाकों में तलाशी और बचाव अभियान के लिए दो हेलीकॉप्टर भेजे हैं। सेना ने एक बयान में कहा कि इमरजेंसी मेडिकल रेस्क्यू टीम से लैस एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर पहले ही त्रिशूली के जिला अस्पताल की ओर रवाना हो चुका है। हालांकि, सेना ने कहा कि भीषण बाढ़ से हुए नुकसान की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। नुकसान का आंकड़ा जुटाया जा रहा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!