Pakistani Astronaut In China Space Station: आर्थिक संकट और सीमित तकनीकी संसाधनों से जूझ रहे पाकिस्तान का अंतरिक्ष में जाने का सपना आखिरकार उसके सदाबहार दोस्त चीन की मेहरबानी से पूरा हो गया है। चीन ने बुधवार को अपने मानवयुक्त अंतरिक्ष यान 'शेनझोउ-24' (Shenzhou-24) को सफलतापूर्वक लॉन्च किया, जिसमें दो चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली भी सवार हैं। इसके साथ ही जीशान अली चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम का हिस्सा बनने वाले और चीनी स्पेस स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी नागरिक बन गए हैं।
सिर्फ एक हफ्ते की मेहमाननवाजी, फिर होगी वापसी
उत्तर-पश्चिमी चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च-2एफ (Long March-2F) रॉकेट के जरिए इस यान ने उड़ान भरी, जो करीब तीन घंटे में चीन के 'तियांगोंग' (Tiangong) स्पेस स्टेशन से जुड़ जाएगा। इस मिशन में मिशन कमांडर तांग होंगबो और फ्लाइट इंजीनियर वू यी के साथ मुहम्मद जीशान अली शामिल हैं।
हालांकि, चीनी अंतरिक्ष यात्री जहां इस स्टेशन पर करीब छह महीने तक रुकते हैं, वहीं पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट की यह यात्रा महज एक हफ्ते की होगी। जीशान अली करीब एक सप्ताह कक्षा में बिताने के बाद 'शेनझोउ-23' अंतरिक्ष यान के जरिए धरती पर वापस लौट आएंगे।
ISS से बाहर किए जाने के बाद चीन ने बनाया था अपना स्टेशन
गौरतलब है कि चीन वर्तमान में अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन संचालित करने वाला दुनिया का इकलौता देश है, जो साल 2022 में पूरी तरह चालू हुआ था। चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम में उसकी सेना (PLA) के दखल की चिंताओं के चलते उसे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से बाहर रखा गया था, जिसके बाद चीन ने अपना अलग स्पेस स्टेशन तैयार किया। हालांकि, तियांगोंग आकार में फुटबॉल के मैदान जितने बड़े ISS की तुलना में काफी छोटा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नासा (NASA) 2031 की शुरुआत में ISS को रिटायर करने की योजना बना रहा है।
मिशन के दौरान होंगे 90 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोग
चीनी अधिकारियों के अनुसार, शेनझोउ-24 मिशन का मुख्य उद्देश्य स्टेशन पर चालक दल की अदला-बदली (क्रू रोटेशन) करना और नियमित रखरखाव के साथ वैज्ञानिक शोध को आगे बढ़ाना है। इस दौरान 90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी परीक्षण किए जाएंगे, जिनमें अंतरिक्ष जीवन विज्ञान, मैटेरियल साइंस, माइक्रोग्रैविटी फ्लूइड फिजिक्स, दहन विज्ञान, अंतरिक्ष चिकित्सा और नई अंतरिक्ष तकनीकों से जुड़े शोध शामिल हैं।
