शहर

पुणे में कोर्ट परिसर के बाहर हत्या के आरोपी पर घातक हमला, सुनेत्रा पवार बोलीं- सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

Pune Crime: पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट परिसर के बाहर बुधवार दोपहर छह लोगों के एक समूह ने हत्या के एक आरोपी पर धारदार हथियार से हमला किया। इस हमले में हत्या का आरोपी बुरी तरह घायल हो गया।

Image

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार (फोटो साभार: @SunetraA_Pawar)

Photo : Twitter

Pune Crime: महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने शिवाजीनगर कोर्ट परिसर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर करार देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।

क्या है पूरा मामला?

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट परिसर के बाहर बुधवार दोपहर छह लोगों के एक समूह ने हत्या के एक आरोपी पर धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने उसे गोली भी मारी।

एक अधिकारी ने बताया कि हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की है। अधिकारी ने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान मंदार किवाले के रूप में हुई है। उसे ससून जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सुनेत्रा पवार ने सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि कोर्ट परिसर के बाहर हुई घटना को लेकर आरोपियों की तलाश जारी है। दोषियों को किसी भी परिस्थितियों में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।

सुनेत्रा पवार ने बताया कि पुणे में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को अधिक सतर्क और सख्त रहने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर नजर रखने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुणे के लोगों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: असम को मिलेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

सनद रहे कि अस्पताल में भर्ती मंदार किवाले शुभम चव्हाण हत्याकांड में आरोपी है और इस पर हमला पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

मुख्यमंत्री पर बरसे विपक्षी नेता

पुणे की घटना को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा है। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि पुणे में अपराध की घटनाएं सारी हदें पार कर चुकी हैं। अब अपराधी अदालत के ठीक बाहर भी हमले कर रहे हैं। वहीं, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि ऐसा लगता है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article