दुनिया

'कंपनी का 'कोड ऑफ कंडक्ट' लिखने में मदद की और मैंने ही उसे तोड़ दिया', Nvidia स्टॉफ से जेनसेन ने मांगी माफी

समाचार एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब CEO के रूप में उनकी चौंकाने वाली वापसी के बाद कंपनी के शेयरों में आई तेजी कमजोर पड़ गई। हुआंग के खिलाफ चल रही जांच और AI निवेश में आई तेजी का भविष्य अब भी सवालों के घेरे में है।

Image

Nvidia के सीईओ पद पर जेनसेना हुआंग की हुई वापसी।

Jensen Huang: चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ पद पर दोबारा लौटने वाले जेनसेन हुआंग ने Nvidia के स्टॉफ से माफी मांगी है। जेनसेन ने कहा कि 'उन्होंने कुछ भयानक गलतियां कीं'। सीईओ ने कर्मचारियों से कहा कि 'कंपनी का कोड ऑफ कंडक्ट लिखने में उन्होंने मदद की और उन्होंने ही इन्हें तोड़ दिया जो कि अस्वीकार्य है।' जेनसेन उन दावों को खारिज कर दिया कि जिनमें कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबावों की वजह से कंपनी के सीईओ पद पर उनकी वापसी हुई है।

समाचार एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब CEO के रूप में उनकी चौंकाने वाली वापसी के बाद कंपनी के शेयरों में आई तेजी कमजोर पड़ गई। हुआंग के खिलाफ चल रही जांच और AI निवेश में आई तेजी का भविष्य अब भी सवालों के घेरे में है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित कंपनी के मुख्यालय में करीब एक घंटे तक चली कर्मचारियों की बैठक में हुआंग ने कहा, 'मुझसे कुछ बेहद गंभीर गलतियां हुई हैं।' अखबार ने कार्यक्रम की लाइवस्ट्रीम देखने के बाद यह जानकारी दी।

ट्रंप ने कहा-कंपनी के निदेशकों से संपर्क किया था

हुआंग ने कर्मचारियों से कहा कि जिस आचार संहिता को बनाने में उन्होंने खुद मदद की थी, उसका उल्लंघन करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने उन अटकलों को भी खारिज किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में बोर्ड ने उन्हें दोबारा CEO बनाया है। हालांकि, ट्रंप ने सोमवार को CNBC से बातचीत में कहा था कि उन्होंने हुआंग की वापसी को लेकर कंपनी के निदेशकों से संपर्क किया था। ट्रंप ने कहा, 'मैंने उनसे बात की थी, इतना कह सकता हूं। और मैंने उन्हें इसके लिए राजी किया।'

सोमवार को शेयरों में आई तेजी

सोमवार को 30 फीसदी से ज्यादा उछलने के बाद मंगलवार को एनवीडिया के शेयर कारोबार बंद होने तक करीब 6 फीसदी गिर गए। Forex.com के फवाद रजाकजादा ने कहा कि एनवीडिया को लेकर बना उत्साह तेजी से खत्म हो गया। उन्होंने कहा कि कंपनी के कॉरपोरेट गवर्नेंस और बोर्ड की निगरानी को लेकर सवाल अब भी बने हुए हैं। महोनी एसेट मैनेजमेंट के अध्यक्ष और CEO केन महोनी ने कहा कि सोमवार को शेयरों में आई तेजी फिलहाल सिर्फ एक दिन का उछाल साबित हुई है। उन्होंने कहा, 'आज हमें तेजी का कोई अगला संकेत नहीं दिख रहा है।'

ट्रंप का दबाव

हुआंग ने 12 नवंबर को विवाहेतर संबंधों को लेकर CEO पद से इस्तीफा दे दिया था। इनमें एक कथित चीनी जासूस के साथ संबंध भी शामिल था। उनके इस्तीफे के बाद एनवीडिया और AI क्षेत्र से जुड़ी दूसरी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शीर्ष टेक निवेशकों ने ट्रंप को हुआंग की वापसी का समर्थन करने के लिए राजी किया था। निवेशकों ने उन्हें बताया था कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था और वॉल स्ट्रीट का भविष्य इस फैसले पर निर्भर करता है।

CEO के पद पर बहाल कर दिया गया

एनवीडिया ने सोमवार को कहा कि अमेरिकी सरकार से ऐसी जानकारी मिलने के बाद हुआंग को CEO के पद पर बहाल कर दिया गया है, जिससे संकेत मिलता है कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं हैं। फाइलिंग के मुताबिक, ट्रंप खुद भी एनवीडिया में निवेशक हैं। 30 सितंबर तक उनके पास कंपनी के 3.70 लाख शेयर तक थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article