दुनिया

होर्मुज फिर हो गया बंद, ईरान ने इजरायली हमलों पर फोड़ा ठीकरा; कहा- दुश्मन ने तोड़ा अपना वादा

Hormuz Tension Deepen: ईरान ने लेबनान पर हो रहे इजरायली हमलों के चलते होर्मुज स्ट्रेट को एक बार फिर बंद कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने अमेरिका पर युद्ध के समझौते को तोड़ने का आरोप लगाया।

Image

होर्मुज फिर हो गया बंद (फाइल फोटो)

Hormuz Tension Deepen: ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौता एक बार फिर अधर में लटक सकता है। लेबनान में लगातार हो रहे इजरायली हमलों को लेकर तेहरान नाखुश है और उसने एक फिर से होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया है। हाल ही में ईरान-अमेरिका के बीच हुए अंतरिम समझौते के बाद होर्मुज को खोला गया था, लेकिन इजरायल और हिजबुल्लाह एक-दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एसोसिएट प्रेस के मुताबिक, ईरान के संयुक्त सैन्य कमान ने सरकारी टीवी पर बताया कि लेबनान में इजरायली हमलों के चलते होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया गया है। वहीं, ईरान के खातम अल-अनबिया ने कहा कि वह होर्मुज को बंद कर देगा। होर्मुज में जहाजों की आवाजाही प्रतिबंधित है। इसमें युद्ध समाप्त करने के समझौते की पहली शर्त को लागू करने में अमेरिका की विफलता का हवाला भी दिया गया।

दुश्मन ने तोड़ा अपना वादा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने अमेरिका पर युद्ध के समझौते को तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि लेबनान में युद्धविराम को तोड़ा गया। वहीं, ईरान के सरकारी टीवी के मुताबिक, युद्ध पर अमेरिका के साथ बातचीत करने वाली देश की टीम स्विट्जरलैंड जा रही है।

होर्मुज से गुजरे 20 जहाज

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में होर्मुज से लगभग 20 जहाज गुजरे हैं जिनमें से 5 जहाजों ने अमेरिका द्वारा बनाए गए सुरक्षित रास्ते का इस्तेमाल किया, जबकि अन्य जहाजों ने ईरानी ट्रैफिक सेपरेशन स्कीम की मदद ली।

इजरायल-हिजबुल्लाह के बीच हमले जारी

युद्धविराम समझौते की रिपोर्ट्स सामने आने के कुछ घंटों बाद ही शनिवार को दक्षिणी लेबनान पर इजरायली हमलों में दो बच्चों सहित सात लोगों की मौत हो गई। लगातार जारी इस लड़ाई ने पश्चिम एशिया में युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच हुए अंतरिम समझौते को खतरे में डाल दिया है।

लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के अनुसार, हमलों में दक्षिणी शहर नबातीयेह और आस-पास के गांवों को निशाना बनाया गया। कम से कम सात लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं। शुक्रवार को इजरायल और चरमपंथी समूह हिजबुल्लाह के बीच भीषण लड़ाई में लेबनान में कम से कम 47 लोगों और चार इजरायली सैनिकों के मारे जाने के बाद मध्यस्थ इस लड़ाई रोकने की कोशिश में जुटे हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article