दुनिया

मैंने भारत-पाकिस्तान संघर्ष रोका, 7 युद्ध खत्म कराने के लिए मुझे मिलना चाहिए नोबेल प्राइज, ट्रंप ने फिर थपथपाई अपनी पीठ

ट्रंप ने शनिवार को अमेरिकन कॉर्नरस्टोन इंस्टीट्यूट के संस्थापक रात्रिभोज में कहा कि विश्व मंच पर हम एक बार फिर ऐसे काम कर रहे हैं जिनके लिए हमें उस स्तर पर सम्मान मिल रहा है जो पहले कभी नहीं मिला। हम शांति समझौते कर रहे हैं और युद्ध रोक रहे हैं।

Image

डोनाल्ड ट्रंप ने दोहराया दावा (AP)

Donald Trump On India-Pakistan War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का दावा दोहराते हुए नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने का दुखड़ा रोया है। ट्रंप ने इस साल की शुरुआत में भारत-पाकिस्तान विवाद को व्यापार के जरिए सुलझाने का दावा दोहराया और कहा कि उन्हें सात युद्धों को समाप्त करने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। ट्रंप ने शनिवार को अमेरिकन कॉर्नरस्टोन इंस्टीट्यूट के संस्थापक रात्रिभोज में कहा, विश्व मंच पर, हम एक बार फिर ऐसे काम कर रहे हैं जिनके लिए हमें उस स्तर पर सम्मान मिल रहा है जो पहले कभी नहीं मिला। हम शांति समझौते कर रहे हैं और युद्ध रोक रहे हैं। इसलिए हमने भारत और पाकिस्तान, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्ध रोक दिए।

ट्रंप बोले, व्यापार के जरिए भारत-पाक युद्ध रोका

उन्होंने आगे कहा, भारत और पाकिस्तान के बारे में सोचिए। उसके बारे में सोचिए। और आप जानते हैं कि मैंने उसे कैसे रोका - व्यापार के जरिए। वे व्यापार करना चाहते हैं। और मैं दोनों नेताओं का बहुत सम्मान करता हूं। लेकिन जब आप इन सभी युद्धों पर नजंर डालते हैं जिन्हें हमने रोका है। जरा गौर कीजिए। भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड, कंबोडिया, आर्मेनिया, अजरबैजान, कोसोवो और सर्बिया, इजराइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, रवांडा और कांगो। हमने उन सभी को रोक दिया। और उनमें से 60 प्रतिशत व्यापार के कारण रोके गए थे।

...तो मुझे नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए

ट्रंप ने कहा कि भारत की तरह, मैंने कहा था, 'देखिए, अगर आप युद्ध करने वाले हैं और उनके पास परमाणु हथियार हैं तो हम कोई व्यापार नहीं करेंगे। उन्होंने रोक दिया। ट्रंप ने कहा कि मुझसे कहा गया था कि अगर मैं रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष रोकने में कामयाब रहा तो मुझे नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए।

मुझे हर एक के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए

ट्रंप ने कहा, मैंने कहा, अच्छा, बाकी सातों का क्या? मुझे हर एक के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए। तो उन्होंने कहा, लेकिन अगर आप रूस और यूक्रेन को रोक दें, तो आपको नोबेल मिल जाना चाहिए। मैंने कहा कि मैंने सात युद्ध रोक दिए हैं। यह एक युद्ध है, और यह बहुत बड़ा है। ट्रंप ने कहा, उन्होंने सोचा था कि रूस-यूक्रेन संघर्ष का समाधान आसान होगा क्योंकि राष्ट्रपति पुतिन के साथ मेरे अच्छे संबंध हैं, लेकिन मैं उनसे निराश हूं। मुझे लगा था कि यह सबसे आसान होगा, लेकिन हम इसे किसी न किसी तरह से हल कर लेंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article