Israel Hamas Conflict: इजरायल ने एक बार फिर गाजा पर भीषण हवाई हमलें और गोलीबारी की जिसमें कम से कम 82 फिलिस्तीनी मारे गए। अस्पतालों और स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि गाजा में 82 फिलिस्तीनी मारे गए, जिनमें 38 लोग सहायता का इंतजार कर रहे थे।
क्या है पूरा मामला?
इजरायली सेना ने बुधवार रात और गुरुवार सुबह गाजा पर बरपाए कहर को लेकर कोई तत्काल टिप्पणी नहीं की। गाजा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन से जुड़े स्थलों के आसपास पांच लोग मारे गए। गाजा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन इजरायल समर्थित नवनिर्मित अमेरिकी संगठन है, जो गाजा पट्टी में आबादी को भोजन उपलब्ध कराने में मदद करता है। वहीं, अन्य 33 लोग गाजा पट्टी के अन्य स्थानों पर सहायता ट्रकों का इंतजार करते हुए मारे गए।
'हमास का नहीं रहेगा अस्तित्व'
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को कहा कि गाजा में युद्ध के बाद 'हमास का अस्तित्व नहीं रहेगा।' अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि इजरायल ने गाजा में 60 दिन के युद्ध विराम की शर्तों पर सहमति जताई है तथा उन्होंने हमास से आग्रह किया कि स्थिति बिगड़ने से पहले वह इस समझौते को स्वीकार कर ले।
अमेरिकी नेता इजरायल सरकार और हमास पर युद्ध विराम, बंधकों से संबंधित समझौते तथा युद्ध को समाप्त करने के लिए दबाव बढ़ा रहे हैं। हमास ने बुधवार को एक संक्षिप्त बयान में कहा कि उसे मध्यस्थों से एक प्रस्ताव मिला है और वह युद्धविराम समझौते पर पहुंचने के लिए वार्ता की मेज पर लौटने के वास्ते उनके साथ बातचीत कर रहा है।
