Russian Missile Attack on Kyiv: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के इलाकों पर रात भर मिसाइलों और ड्रोन से भीषण बमबारी की। यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा के अनुसार, इस हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 42 अन्य घायल हो गए हैं। आपातकालीन सेवा ने बताया कि कीव शहर को घेरने वाले व्यापक कीव क्षेत्र (Kyiv Region) में हमले के कारण भारी तबाही हुई है। कीव क्षेत्र में 14 लोगों की जान चली गई और 27 लोग घायल हुए हैं।
कई जिलों में भीषण आग
हमले के बाद ब्रुवारी (Brovary), बुचा (Bucha) और फ़ास्टिव (Fastiv) जिलों में कई स्थानों पर आग लग गई। ब्रुवारी शहर के अलावा वेलिका डिमर्का (Velyka Dymerka), क्वितनेवे (Kvitneve) और पेरेमोहा (Peremoha) गांवों में बड़े गोदामों में आग लग गई। लॉजिस्टिक्स हब बुचा जिले के चाइकी (Chaiky) गांव में एक गोदाम और सोफ़िएवस्का बोरशचाहिवका में एक लॉजिस्टिक्स फैसिलिटी को निशाना बनाया गया।
राजधानी कीव का हाल
राजधानी कीव शहर के भीतर भी भारी तबाही हुई है। जान-माल का नुकसान हुआ है और शहर में एक व्यक्ति की मौत हुई है और 15 अन्य लोग घायल हुए हैं। कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, ओबोलोन्स्की, स्वातोशिंस्की, होलोसिवस्की और देसनियांस्की जिलों में मिसाइल व ड्रोन गिरने से आग लगी, जिसे आपातकालीन दल ने बुझा दिया है।
पैट्रियट मिसाइलों की कमी से बढ़ी चुनौती
यूक्रेन के पास अमेरिका निर्मित पैट्रियट (Patriot) वायु रक्षा प्रणाली के लिए इंटरसेप्टर मिसाइलों का सीमित स्टॉक बचा है। पैट्रियट ही एकमात्र ऐसा सिस्टम है जो बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में सक्षम है। ऐसे में रूस द्वारा एक साथ दागी जा रही बैलिस्टिक मिसाइलों के बड़े जत्थे को रोकना यूक्रेन के लिए बेहद मुश्किल साबित हो रहा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति के रक्षा प्रौद्योगिकी विकास सलाहकार सेरही बेस्क्रेस्टनोव ने फेसबुक पर लिखा कि अब यह युद्ध एक नए और खतरनाक चरण में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा, दुश्मन अब बिना किसी अंतर के सब कुछ निशाना बना रहा है—रिटेल गोदाम, भोजन भंडार, लॉजिस्टिक्स हब, व्यावसायिक उद्यम और निर्माण सामग्री के डिपो।
