दुनिया

भारत के सबसे भरोसेमंद दोस्त के खास दूत अगले माह आ रहे दिल्ली, जयशंकर से करेंगे मुलाकात

India Russia Ties: रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव अगले महीने नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत की यात्रा करेंगे।

Image

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ विदेश मंत्री लावरोव (फाइल फोटो)

Photo : AP

India Russia Ties: रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव (Sergey Lavrov) अगले महीने नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत की यात्रा करेंगे। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि 14-15 मई को अपनी यात्रा के दौरान लावरोव भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर (Jaishankar) के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।

जयशंकर से मुलाकात करेंगे लावरोव

उन्होंने कहा, ''दो दिवसीय भारत यात्रा के दौरान रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव नई दिल्ली में ब्रिक्स के विदेश मंत्रियों की पूर्ण-प्रारूप बैठक में हिस्सा लेंगे।'' रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'तास' ने जखारोवा के हवाले से बताया कि भारत की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक मौजूदा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और वैश्विक शासन को मजबूत करने की संभावनाओं पर सार्थक चर्चा के लिए एक मूल्यवान मंच प्रदान करेगी, विशेष रूप से दुनिया के बहुमत का प्रतिनिधित्व करने वाले देशों के बीच।

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियां तेज

उन्होंने आगे कहा, ''इस साल सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।'' ज़खारोवा ने बताया कि ब्रिक्स सहयोगी देशों के विदेश मंत्री बैठक के दौरान कई सत्रों में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि लावरोव की नई दिल्ली यात्रा के दौरान, उनका (लावरोव का) भारतीय समकक्ष के साथ वार्ता सहित एक पूर्ण प्रारूप का द्विपक्षीय कार्यक्रम भी निर्धारित है।

जखारोवा ने कहा, ''उम्मीद है कि चर्चा में द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा, जिसमें उच्चतम, उच्च और कार्यकारी स्तरों पर आगामी मुलाकातों का कार्यक्रम भी शामिल है। व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर अंतर-सरकारी रूसी-भारतीय आयोग की बैठकों की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, पारस्परिक रूप से लाभकारी सभी एजेंडा की समीक्षा की जाएगी।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article