दुनिया

किसी की नहीं मान रहे पुतिन: अब यूक्रेन पर दागीं 653 ड्रोन और 51 बैलिस्टिक मिसाइलें; 15 लाख लोगों के घर की बत्ती हुई गुल

रूस ने शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया। जब यूक्रेन सशस्त्र सेना दिवस मना रहा था तभी रूस ने 653 ड्रोन और 51 बैलेस्टिक मिसाइलों से अचानक यूक्रेन के कई इलाकों में ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

russia

रूस ने यूक्रेन पर बोला हमला। फोटो- PTI/AP

ट्रंप की शांति की कोशिशों के बीच, रूस ने पिछले 48 घंटों में रूस पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया। रूसी सेना ने यूक्रेन के बिजली संयंत्रों को निशाना बनाते हुए 653 ड्रोन और 51 बैलिस्टिक मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमला किया। इतना ही नहीं रूस ने कीव के एक रेलवे स्टेशन को भी अपना निशाना बनाया। इस हमले में यूक्रेन के कई बड़े बिजली संयंत्र तबाह हो गए, जिससे करीब 15 लाख लोगों के घरों की बत्ती गुल हो गई है। रूस का यह हमला तब हुआ है जब अमेरिका और यूक्रेन के प्रतिनिधि युद्ध समाप्त करने के लिए तीसरे दिन की वार्ता की तैयारी कर रहे थे। इन ताजा हमलों ने शांति वार्ता की सफलता पर फिर से प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है।

अचानक बजने लगे एयर-रेड सायरन

रूस के हमले के बारे में यूक्रेन की एयरफोर्स ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब रूसी सेना ने हमला किया उस समय पूरे देश में अचानक से एयर-रेड सायरन बजने लगे। जब यह हमला हुआ उस समय यूक्रेन सशस्त्र सेना दिवस मना रहा है। यूक्रेन की एयरफोर्स के मुताबिक, रूस ने 653 ड्रोन और 51 मिसाइलें दागीं। यूक्रेनी बलों ने इनमें से 585 ड्रोन और 30 मिसाइलें गिरा दीं, लेकिन 29 स्थानों पर हमले सफल रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में 20 से ज्यादा नागरिकों की मौत हुई है और कई घर, रेलवे स्टेशन और कई बिल्डिंगें तबाह हो गई। कई इलाकों में ऊर्जा और पानी की आपूर्ति बंद हो गई है, जिससे आपात-स्थिति बन गई है।

पावर ग्रिड और ऊर्जा ढांचे को बनाया निशाना

यूक्रेन के राष्ट्रीय ऊर्जा ऑपरेटर यूक्रेनेर्गो ने बताया कि रूस ने कई क्षेत्रों में पावर स्टेशन और ऊर्जा ढांचे को नेस्तनाबूद करने के लिए मास मिसाइल-ड्रोन अटैक किया था। रूसी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रूस ने कीव क्षेत्र के फास्टीव शहर में पर एक रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया, जिससे डिपो और ट्रेन के कई डिब्बे तबाह हो गए। यूक्रेनी रेलवे ने बताया कि रूसी हमलों के कारण कीव के निकट और उत्तर-पूर्वी शहर चेर्निहीव में कई रेलगाडियों को रद्द करना पड़ा है। वहीं, यूक्रेन के समुदाय एवं क्षेत्र विकास मंत्रालय ने भी रिपोर्ट की है कि चेर्निहीव, जापोरिज्जिया, लविव और द्निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्रों में बिजली और हीटिंग सुविधाएं प्रभावित हुई हैं।

ट्रंप कर रहे शांति की कोशिशें

एक ओर रूस यूक्रेन पर लगातार हमले कर रहा है, वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की दोनों के बीच शांति लाने की कोशिशें भी जोरों पर हैं। करीबन चार साल से जारी इस युद्ध को रोकने के लिए बीते कुछ हफ्तों में रूस यूक्रेन और अमेरिकी पक्ष लगातार बैठकें कर रहे हैं। बीते दिन भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकारों और यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि युद्ध के बाद यूक्रेन के लिए सुरक्षा ढांचे पर सहमति बनाने की दिशा में प्रगति के बाद वे शनिवार को तीसरे दिन की वार्ता के लिए मिलेंगे।

शुक्रवार की वार्ता के बाद, दोनों पक्षों ने यह गंभीर आकलन भी प्रस्तुत किया कि किसी भी समझौते की दिशा में वास्तविक प्रगति अंततः दीर्घकालिक शांति के लिए गंभीर प्रतिबद्धता दिखाने की रूस की तत्परता पर ही निर्भर करेगी। अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़, ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर और यूक्रेनी वार्ताकार रुसतेम उमेरोव व आंद्रिय हनातोव ने कहा कि फ्लोरिडा में दूसरी दिन की बैठक के बाद कुछ मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति हुई है। ट्रंप की कोशिश है कि यूक्रेन और रूस एक अमेरिकी मध्यस्थता वाले समझौते पर सहमत हों, जिससे लगभग चार साल से जारी युद्ध का अंत हो सके।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article