दुनिया

Russia News: रूस ला रहा अपने बच्चों के लिए सिम कार्ड, अभिभावकों को 'चिंता मुक्त' रखने का वादा

Russia News: सरकारी मीडिया एजेंसी तास ने बताया कि रूस का डिजिटल डेवलपमेंट मंत्रालय बच्चों के लिए एक नए तरह का सिम कार्ड लाने वाला है।

Image

सिम कार्ड (प्रतीकात्मक फोटो:istock)

ऑस्ट्रेलिया ने इंटरनेट एक्सेस को लेकर कानून बनाया तो मेटा ने भी कुछ नियम सख्त कर दिए। इन सबके बीच रूस ने उपहार स्वरूप अपने नौनिहालों को सिम कार्ड देने का फैसला लिया है। रूस के डिजिटल डेवलपमेंट मंत्रालय के अनुसार ये अभिभावकों को बच्चों की लोकेशन ट्रैक करने की इजाजत देगा।

सरकारी मीडिया एजेंसी तास ने बताया कि रूस का डिजिटल डेवलपमेंट मंत्रालय बच्चों के लिए एक नए तरह का सिम कार्ड लाने वाला है।

मंत्री मक्सुत शादेव ने बुधवार को वॉलंटियर सर्च-एंड-रेस्क्यू ग्रुप लिजाअलर्ट के एक फोरम में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस नए तरह के सिम कार्ड से ट्रैफिक फिल्टर होगा, पेरेंटल कंट्रोल बेहतर होगा, और कोर्ट ऑर्डर के बिना लोकेशन ट्रैक किया जा सकेगा।

वैसे इस तरह के प्रस्ताव की बात पहली बार नहीं हो रही। शादेव ने सबसे पहले अगस्त (2025) में 14 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सिम कार्ड का प्रस्ताव दिया था, जिसमें सोशल मीडिया लॉगिन जैसी कुछ सर्विसेज पर रोक होगी, ताकि नाबालिगों के साथ कुछ गलत न हो।

शादेव ने कहा, 'अब हम 'बच्चों के सिम कार्ड' ला रहे हैं। माता-पिता कोर्ट ऑर्डर के बिना अनुरोध कर अपने बच्चों का जियोलोकेशन डेटा पा सकेंगे।' हालांकि मंत्री ने यह नहीं बताया कि बच्चों के सिम कार्ड कब से उपलब्ध होंगे। तास के मुताबिक, रूस के कुछ बड़े मोबाइल ऑपरेटर पहले से ही बच्चों के लिए खास टैरिफ प्लान देते हैं, जिसमें स्पैम और फर्जी अकाउंट से एक्स्ट्रा प्रोटेक्शन के साथ-साथ मोबाइल इंटरनेट इस्तेमाल भी सीमित होता है।

शादेव ने कहा कि यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी लागू होगी। वे लोग रूस के पब्लिक सर्विसेज पोर्टल 'गोसुस्लुगी' के जरिए अपने जियोलोकेशन डेटा को एक्सेस करने के लिए एक भरोसेमंद व्यक्ति को चुन सकेंगे, जिससे अगर वे किसी मुसीबत में हों या कोई आपातकालीन स्थिति हो तो तुरंत उन्हें मदद पहुंचाई जा सके।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article