दुनिया

पुतिन की बड़ी चाल! अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को मान्यता देने वाला पहला देश बन रूस

तालिबान जब से अफगानिस्तान में सत्ता में आया है, तबसे उसे किसी देश ने मान्यता नहीं दी थी। जिस पाकिस्तान ने उसकी मदद की थी, वो भी तालिबानी सरकार को मान्यता देने से कतराता रहा है। अब रूस ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को मान्यता दे दी है।

Image

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (फाइल फोटो)

Photo : AP

रूस, दुनिया का पहला देश बन गया है, जिसके अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को मान्यता दे दी है। अफगानिस्तान की सत्ता पर 2021 से काबिज तालिबान सरकार को अब तक अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मान्यता नहीं मिली थी, लेकिन गुरुवार को रूस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए तालिबान को औपचारिक रूप से मान्यता दे दी है, जिससे वैश्विक कूटनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है।

रूस बना तालिबान को मान्यता देने वाला पहला देश

रूस ने न सिर्फ तालिबान सरकार को मान्यता दी, बल्कि उसे अपने "ग़ैरकानूनी संगठनों" की सूची से भी हटा दिया है। रूसी विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि उसने अफगानिस्तान के नवनियुक्त राजदूत गुल हसन हसन से क्रेडेंशियल स्वीकार कर लिए हैं, जो कि राजनयिक मान्यता का प्रतीक है। रूसी मंत्रालय के अनुसार, यह मान्यता दोनों देशों के बीच "उत्पादक द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा" देगी और क्षेत्रीय स्थिरता में योगदान कर सकती है।

अफगानिस्तान ने क्या कहा

अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने रूस के इस निर्णय को "ऐतिहासिक" करार दिया है। तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला "अन्य देशों के लिए एक अच्छा उदाहरण" है और इससे अफगानिस्तान को वैश्विक मंच पर मान्यता मिलने की दिशा में प्रगति होगी।

क्या बदलेगा परिदृश्य?

अब तक अमेरिका, यूरोपीय संघ और अधिकांश देशों ने तालिबान सरकार को मान्यता देने से परहेज किया है। इन देशों की मुख्य चिंताएं महिलाओं के अधिकार, मानवाधिकारों का हनन और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की अनुपस्थिति से जुड़ी हैं। रूस का यह कदम न सिर्फ तालिबान के लिए राजनयिक समर्थन है, बल्कि यह पश्चिमी देशों को एक स्पष्ट संदेश भी देता है कि कूटनीतिक समीकरण अब बदल रहे हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article