दुनिया

अमेरिका के डेनवर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, विमान से टकराकर एक शख्स की मौत, 17 लोग घायल

Denver Airport: अमेरिका के डेनवर एयरपोर्ट पर टेकऑफ के दौरान फ्रंटियर एयरलाइंस के विमान से टकराने के बाद एक घुसपैठिए की मौत हो गई। घटना में 17 लोग घायल हुए हैं। बताया गया कि व्यक्ति सुरक्षा बाड़ कूदकर रनवे तक पहुंच गया था।

Image

अमेरिका के डेनवर एयरपोर्ट पर सुरक्षा में बड़ी चूक

Photo : AP

Denver Airport: अमेरिका के डेनवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (Denver International Airport) पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। टेकऑफ की तैयारी कर रहे फ्रंटियर एयरलाइंस (Frontier Airlines) के एक विमान से टकराने के बाद एक घुसपैठिए की मौत हो गई। इस घटना में कई यात्री भी घायल हुए। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। जानकारी के मुताबिक, फ्रंटियर एयरलाइंस की फ्लाइट 4345 रनवे से उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। उसी दौरान एक व्यक्ति एयरपोर्ट की सुरक्षा दीवार पार करके रनवे तक पहुंच गया।

विमान में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया बाहर

बताया गया कि उसने एयरपोर्ट की परिधि वाली बाड़ को कूदकर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया और फिर तेजी से रनवे की ओर दौड़ पड़ा। कुछ ही मिनटों बाद विमान उससे टकरा गया। हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट के आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे। विमान में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें वापस टर्मिनल ले जाया गया। बाद में अधिकतर यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

घायल यात्रियों को भेजा गया अस्पताल

अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में 17 लोग घायल हुए हैं, जबकि कुछ यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भी भेजा गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह एयरपोर्ट का कर्मचारी नहीं था। अधिकारियों ने बाड़ और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की, जिसमें बाड़ को सही हालत में पाया गया। घटना के बाद जांच एजेंसियों ने रनवे 17L को कुछ समय के लिए बंद कर दिया, ताकि पूरे मामले की जांच की जा सके।

एयरपोर्ट प्रशासन ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और उनकी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं। अमेरिका के परिवहन सचिव शॉन डफी (Sean Duffy) ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति ने जानबूझकर एयरपोर्ट की सुरक्षा तोड़ी और रनवे पर पहुंच गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति एयरपोर्ट जैसी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन न करे। फिलहाल स्थानीय पुलिस, संघीय विमानन प्रशासन और अन्य एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article