Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच 4 साल से भी अधिक समय से युद्ध छिड़ा हुआ है और शांति वार्ता की कोशिशों के बावजूद अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। इस बीच, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत की। दोनों के बीच फोन पर करीब डेढ़ घंटे लंबी बातचीत हुई। इस दौरान, पुतिन ने ट्रंप को युद्धविराम से जुड़ा अहम संकेत दिए।
क्रेमलिन के एक सहयोगी के मुताबिक, पुतिन और ट्रंप ने बुधवार को फोन पर बातचीत की। इस दौरान, दोनों के बीच यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया संघर्ष पर विस्तृत बातचीत हुई। द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने की दिशा में अपने विचार साझा किए। साथ ही विक्ट्री डे परेड के उपलक्ष्य में यूक्रेन के साथ अस्थायी युद्धविराम का प्रस्ताव रखा।
विक्ट्री डे परेड में नहीं होगा हथियारों का प्रदर्शन
नाजी जर्मनी की हार की 81वीं वर्षगांठ पर रूस में होने वाली पारंपरिक विक्ट्री परेड में इस साल सैन्य साजो सामान का प्रदर्शन नहीं होगा। लगभग दो दशकों में और 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण शुरू करने के बाद यह पहली बार होगा जब 9 मई को मास्को के रेड स्क्वायर पर सैन्य साजो सामान का प्रदर्शन नहीं होगा। यह दिन रूस के लिए उत्सव के समान होता है, जब वह अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करता है।
क्यों नहीं होगा सैन्य साजो सामान का प्रदर्शन?
साल 2008 से हर साल रेड स्क्वायर पर विक्ट्री डे परेड में सैन्य साजो सामान और विभिन्न प्रकार के हथियार प्रदर्शित किए जाते रहे हैं। रक्षा मंत्रालय के बयान में सैन्य साजो सामान के काफिले और कैडेट को परेड से बाहर रखने का कारण 'वर्तमान अभियानगत स्थिति' बताया गया है। सनद रहे कि पिछले साल की परेड रूस द्वारा यूक्रेन में सेना भेजे जाने के बाद से अब तक की सबसे बड़ी परेड थी, जिसमें कई देशों के नेता मास्को पहुंचे थे।
