लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक ट्रेन के सात डिब्बे पटरी से उतर गए। ट्रेन के पटरी से उतरने की इस दुर्घटना में कम से कम 25 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। मंगलवार देर रात लाहौर से लगभग 400 किलोमीटर दूर लोधरान में हुई इस दुर्घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित पटरी पर यातायात निलंबित कर दिया।
पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने कहा कि लोधरान में तेजगाम एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के पीछे मानवीय त्रुटि और कुछ तकनीकी खराबी ही सबसे संभावित कारण हैं। लोधरान के उपायुक्त अब्दुल हाफिज के अनुसार, कराची जाने वाली तेजगाम एक्सप्रेस मंगलवार शाम को लाहौर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी।
रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने बताया कि ट्रेन बहावलपुर-लोधरान खंड पर आदम वाहन रेलवे स्टेशन के पास रात 9:30 बजे पटरी से उतर गई। उपायुक्त ने बताया कि सात बोगियां पटरी से उतर गईं, जिनमें कुछ यात्री फंस गए। लगभग 25 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। हालांकि, किसी की जान नहीं गई है।
रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने बताया कि पंजाब आपातकालीन विभाग के बचाव दल 1122 ने फंसे हुए यात्रियों को बचाया और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया। रेलवे अधिकारी ने बताया कि डिब्बों के बीच लगे कपलर के टूटने से ट्रेन पटरी से उतर गई, जिससे ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। उन्होंने बताया कि ट्रेन के दो हिस्सों में बंटने के कारण इंजन से जुड़े सात डिब्बे पटरी से उतर गए। अधिकारी ने बताया कि प्रभावित पटरी पर रेल यातायात निलंबित कर दिया गया है।
इनपटु- पीटीआई/भाषा
