एपस्टीन फाइल्स को लेकर हर गुजरते दिन के साथ नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स के छोटे भाई और पूर्व प्रिंस एंड्रयू को UK पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पब्लिक ऑफिस में गलत काम करने के शक में हुई है। गौरतलब है कि आज (गुरुवार) प्रिंस एंड्रयू का जन्मदिन भी है।
थेम्स वैली पुलिस ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि उन्होंने साठ साल के एक आदमी को गिरफ्तार किया है, हालांकि उन्होंने पूर्व शाही परिवार का नाम नहीं बताया। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि वे उन रिपोर्टों की "जांच" कर रहे हैं जिनमें कहा गया है कि एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर ने 2010 में कुख्यात फाइनेंसर और यौन अपराध के दोषी जेफरी एपस्टीन को व्यापार संबंधी रिपोर्ट भेजी थीं।
किंग चार्ल्स ने क्या कहा?
राजा चार्ल्स ने गुरुवार को अपने भाई और पूर्व राजकुमार की गिरफ्तारी के बाद अपनी चुप्पी तोड़ी। शाही परिवार द्वारा जारी एक बयान में चार्ल्स के हवाले से कहा गया है कि एंड्रयू की गिरफ्तारी की खबर सुनकर वे गहरी चिंता में हैं और उन्होंने ब्रिटिश अधिकारियों को कानूनी प्रक्रिया और आगे की जांच के दौरान पूर्ण और हार्दिक समर्थन और सहयोग का आश्वासन दिया है।
एपस्टीन फाइल्स में मिली एंड्रयू की तस्वीरें और वीडियो
एपस्टीन फाइल्स रिलीज होने के बाद एंड्रयू और एपस्टीन के साथ उनके रिश्ते को लेकर खुलासा हुआ। अमेरिकी सरकार द्वारा जारी 30 लाख से अधिक फाइलों में एंड्रयू के कई ईमेल्स, तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे। यदि एंड्रयू पर लगे आरोप साबित होते हैं तो इससे न केवल शाही परिवार की साख पर असर पड़ेगा, बल्कि ब्रिटेन की राजनीति में भी हलचल मच सकती है।
कुछ तस्वीरें ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रिउ माउंटबेटेन-विंडसर की भी हैं। एक तस्वीर में वह फर्श पर लेटी एक महिला के ऊपर झुके हुए दिखाई दिए हैं। एक अन्य तस्वीर में एंड्रिउ एक महिला जो कि पूरी तरह कपड़ों में है, उसे छूते हुए दिख रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में वह कैमरे की तरफ सीधे देख रहे हैं।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक इन तस्वीरों में महिला का चेहरा छिपाया गया है और तस्वीर के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि ये तस्वीरें कहां और कब ली गईं। माना जाता है कि इन तस्वीरों के सामने आने से प्रिंस की मुश्किलों और बढ़ सकती हैं। बता दें कि पूर्व ब्रिटिश राजकुमार एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर से उनके शाही खिताब छीन लिए गए हैं। हालांकि एंड्रयू ने एपस्टीन के साथ अपनी दोस्ती के संबंध में किसी भी गलत काम से लगातार इनकार किया है।
