प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर पहुंच गए हैं। यहां नीस में एयरपोर्ट पर पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। उनकी यह यात्रा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रों के निमंत्रण पर हो रही है। इस यात्रा के दौरान नीस में 14 जून को पीएम मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी।
पीएम मोदी बोले- मैंक्रों से मिलने के लिए उत्सुक
पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर अपने फ्रांस पहुंचने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मैं कल राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने और ‘भारत इनोवेट्स’ (Bharat Innovates) कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।
कल राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे पीएम मोदी
कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 14 जून को नीस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, निवेश, रक्षा, प्रौद्योगिकी और नवाचार समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।
इसके अलावा, नीस में दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ (Bharat Innovates) कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे। इस आयोजन में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के शीर्ष नवोन्मेषी स्टार्टअप, निवेशक और वेंचर कैपिटल फंड एक मंच पर एकत्र होंगे। इसका उद्देश्य नवाचार, प्रौद्योगिकी और निवेश सहयोग को बढ़ावा देना और भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से जोड़ना है।
स्लोवाकिया भी जाएंगे पीएम मोदी
फ्रांस से मोदी 14-15 जून को राजकीय यात्रा पर स्लोवाकिया जाएंगे,जहां वह राजधानी ब्रातिस्लावा में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ वार्ता करेंगे तथा कारोबारी जगत के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए एवियन जाएंगे पीएम
इसके बाद प्रधानमंत्री जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए एवियन जाएंगे और 18 जून को पेरिस में वीवाटेक 2026 में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ हिस्सा लेकर अपनी फ्रांस यात्रा का समापन करेंगे। वीवाटेक यूरोप का प्रमुख प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष सम्मेलन है। इस संस्करण में भारत का सबसे बड़ा मंडप होगा,जो भारतीय और यूरोपीय नवाचार पारिस्थितिकी तंत्रों के बीच साझेदारी की अपार संभावनाओं का प्रतीक है।
17 जून को फ्रांस में जी-7 सम्मेलन से इतर ट्रंप से भी मुलाकात करेंगे पीएम मोदी
वहीं, फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से भी मुलाकात करेंगे। पिछले साल फरवरी में वॉशिंगटन में हुई मुलाकात के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात होगी। दोनों नेताओं की यह मुलाकात होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसेना द्वारा निशाना बनाए गए वाणिज्यिक जहाजों पर सवार भारतीय नाविकों की मौत को लेकर उपजी चिंताओं के बीच हो रही है।
’ऑपरेशन सिंदूर’ और वॉशिंगटन द्वारा नयी दिल्ली पर भारी शुल्क लगाने के फैसले के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में आई खटास के बाद ट्रंप और मोदी के बीच पहली बार आमने-सामने की बातचीत होगी।
