Trump-Putin: रूस द्वारा लगातार तीसरी रात कीव और अन्य यूक्रेनी शहरों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए जाने को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर भड़क उठे हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि वह पूरी तरह उन्मादी हो गए हैं। ट्रंप ने रविवार रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मेरे हमेशा से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं लेकिन उन्हें कुछ हो गया है। वह बिल्कुल उन्मादी हो गए हैं।
ट्रंप बोले- पुतिन बेवजह लोगों की जान ले रहे हैं
उन्होंने कहा कि पुतिन बहुत से लोगों की बेवजह जान ले रहे हैं। बिना किसी कारण के यूक्रेन के शहरों में मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और देश के अन्य क्षेत्रों पर ड्रोन और मिसाइल से बड़े पैमाने पर हमला किया, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, यह हमला फरवरी 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण करने के बाद से सबसे बड़ा हवाई हमला है।
अमेरिका के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि अगर पुतिन पूरे यूक्रेन पर कब्जा करना चाहते हैं तो इससे रूस का पतन होगा! ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को लेकर भी निराशा जताई। उन्होंने कहा कि वह जिस तरह से बात कर रहे हैं, उससे वह अपने देश को कोई फायदा नहीं पहुंचा रहे। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, उनके मुंह से निकली हर बात समस्याएं पैदा करती हैं। मुझे यह पसंद नहीं है और बेहतर होगा कि इसे रोका जाए।

खत्म नहीं हो रहा यूक्रेन युद्ध
ट्रंप हुए पूरी तरह नाकाम
ट्रंप, पुतिन के प्रति अपनी नाराजगी और तीन साल पुराने युद्ध को हल करने में असमर्थता जता रहे हैं। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में वापसी के लिए अभियान चलाते समय तुरंत इस युद्ध को समाप्त करने का वादा किया था। उन्होंने लंबे समय से पुतिन के साथ अपने मैत्रीपूर्ण संबंधों का बखान किया है और बार-बार इस बात पर ज़ोर दिया है कि रूस यूक्रेन की तुलना में शांति समझौते पर पहुंचने के लिए अधिक इच्छुक है। पिछले महीने जब रूस ने कीव पर एक और घातक हमला किया था तब ट्रंप ने पुतिन से यूक्रेन पर हमला करना बंद करने की अपील की थी। उन्होंने बार-बार अपनी निराशा जताई है कि यूक्रेन में युद्ध जारी है।
मुझे नहीं पता कि पुतिन को क्या हुआ
ट्रंप ने रविवार को उत्तरी न्यू जर्सी से रवाना होने से पहले संवाददाताओं से कहा, मैं पुतिन के काम से खुश नहीं हूं। वह बहुत से लोगों को मार रहे हैं। और मुझे नहीं पता कि पुतिन को क्या हुआ। मैं उन्हें लंबे समय से जानता हूं, हमेशा उनके साथ रहा हूं, लेकिन वह शहरों में रॉकेट दाग रहे हैं और लोगों को मार रहे हैं और मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं है। रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौता अभी भी दूर की कौड़ी बना हुआ है। पिछले हफ्ते ट्रंप और पुतिन ने फोन पर बात की थी और इस बातचीत के बाद ट्रंप ने घोषणा की थी कि रूस और यूक्रेन तुरंत युद्धविराम वार्ता शुरू करेंगे। यह बातचीत रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच तुर्की में 2022 के बाद पहली आमने-सामने की बातचीत के बाद हुई थी। लेकिन गुरुवार को क्रेमलिन ने कहा कि कोई सीधी बातचीत निर्धारित नहीं है।
यूरोपीय संघ ने पुतिन के युद्धविराम पर सहमत होने से इनकार करने के जवाब में इस महीने रूस पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। लेकिन ट्रंप ने रूस पर प्रतिबंध और टैरिफ बढ़ाने की धमकी दी है, लेकिन उन्होंने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
