Japan Tsunami Alert: उत्तरी जापान के तट पर रविवार को शक्तिशाली भूकंप आया और सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने कहा कि भूकंप की तीव्रता 6.7 मापी गई और भूकंप का केंद्र इवाते प्रांत के तट पर समुद्र की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। एजेंसी ने उत्तरी तटीय क्षेत्र में समुद्र में एक मीटर तक सुनामी की लहरें उठने की चेतावनी जारी की है।
सुनामी का चेतावनी जारी
भूकंप के तेज झटके महसूस होने के बाद सुनामी की चेतावनी जारी हुई, जो शुरुआती भूकंप के एक घंटे बाद तक जारी रही। सार्वजनिक प्रसारक एनएचके ने सुनामी के खतरे को देखते हुए लोगों को तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी दी। साथ ही अंदेशा जताया कि क्षेत्र में और भी झटके महसूस हो सकते हैं।
बिजली आपूर्ति हुई बाधित
एनएचके ने कहा कि इवाते प्रांत के ओफुनाटो शहर और ओमिनाटो बंदरगाह पर लगभग 10 सेंटीमीटर की सुनामी का पता चला। जेआर ईस्ट रेलवे ऑपरेटर के अनुसार, इस क्षेत्र में बुलेट ट्रेनों की आवाजाही में देरी हुई। क्योडो न्यूज़ के अनुसार, भूकंप के कारण बिजली की आपूर्ति बाधित हुई।
सनद रहे कि जापान 'पेसिफिक रिंग ऑफ फायर' नामक क्षेत्र पर स्थित है, जहां पृथ्वी की कई बड़ी टेक्टोनिक प्लेटें आपस में मिलती हैं। इन प्लेटों का खिसकना और उनमें टकराव होना बहुत आम है। इसी हलचल की वजह से अक्सर भूकंप आते हैं। इस क्षेत्र में मार्च 2011 में एक घातक भूकंप और सुनामी आई थी।
