दुनिया

PoK में गृहयुद्ध जैसे हालात! शहबाज सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों में खूनी संघर्ष, 30 की मौत, 300 से ज्यादा घायल

Pakistan Rangers Firing Rawalakot: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के रावलाकोट में शहबाज सरकार के खिलाफ सिविल विद्रोह बेहद घातक हो चुका है।

Image

PoK में गृहयुद्ध जैसे हालात! शहबाज सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों में खूनी संघर्ष, 30 की मौत, 300 से ज्यादा घायल

PoK Rawalakot Protest Clashes: पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हालात पूरी तरह से बेकाबू हो चुके हैं और क्षेत्र में तख्तापलट जैसे हालात बन गए हैं। पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ शुरू हुआ नागरिक आंदोलन अब एक भीषण और खूनी गृहयुद्ध में बदल चुका है। PoK के रावलाकोट इलाके में एंटी-शहबाज प्रदर्शनकारियों और पाकिस्तानी अर्धसैनिक बल 'रेंजर्स' के बीच हुई झड़पें बेहद घातक और जानलेवा साबित हुई हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रावलाकोट में भड़की इस बड़ी हिंसा और सुरक्षाबलों की दमनकारी कार्रवाई में 30 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 300 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस खूनी खेल ने पूरे क्षेत्र को भीषण अराजकता की आग में झोंक दिया है।

रावलाकोट में खूनी संघर्ष: क्यों जल रहा है PoK?

यह बवाल तब शुरू हुआ जब क्षेत्रीय सरकार ने जनआंदोलन का नेतृत्व कर रहे नागरिक समाज गठबंधन 'जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी' (JAAC) पर आतंकवाद विरोधी कानून के तहत प्रतिबंध लगा दिया। इसके विरोध में जब लोग सड़कों पर उतरे, तो रेंजर्स और पुलिस ने उन पर बेरहमी से लाठियां भांजी और आंसू गैस के गोले दागे।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, झड़पों के दौरान प्रदर्शनकारियों के बीच छुपे उपद्रवियों ने पुलिस पर सीधी फायरिंग की, जिसमें 4 पुलिसकर्मियों और एक राहगीर की मौत हो गई। इसके जवाब में रेंजर्स और सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों पर सीधी और अंधाधुंध गोलियां चला दीं।

देखते ही देखते पूरे रावलाकोट में लाशों का ढेर लग गया। मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक, अस्पताल में मरने वालों और घायलों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन पर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवाधिकारों के उल्लंघन और इस 'नरसंहार' को रोकने का भारी दबाव है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इंटरनेट और मोबाइल डेटा पूरी तरह ठप कर पूरे क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया है।

यह प्रदर्शन केवल प्रतिबंध के खिलाफ नहीं था, बल्कि लोग बिजली संकट, बेरोजगारी, आटे की बढ़ती कीमतों और मुख्य भूमि पाकिस्तान के लोगों के लिए एजेके विधानसभा में 12 सीटें आरक्षित करने के फैसले के खिलाफ पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे।

मुजफ्फरबाद में पाकिस्तानी सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश

PoK में मचे इस हाहाकार के बीच पाकिस्तानी सेना को भी एक बहुत बड़ा रक्षा नुकसान उठाना पड़ा है। राजधानी मुजफ्फरबाद के पास पाकिस्तान आर्मी एविएशन का एक Mi-17 हेलीकॉप्टर उड़ान भरते समय तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हो गया। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा 'इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस' (ISPR) ने आधिकारिक बयान जारी कर इस हादसे की पुष्टि की है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article