दुनिया

पाकिस्तान की राजधानी तक पहुंची PoJK की आग, इस्लामाबाद-रावलपिंडी में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज, कई गिरफ्तार

PoJK Protests: पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में जारी भारी जन-असंतोष की आग अब इस्लामाबाद और रावलपिंडी तक पहुंच चुकी है। PoJK में चल रहे विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के दौरान भारी अराजकता, विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम देखने को मिले, जिसके कारण कई इलाकों में मतदान रद्द करना पड़ा।

Image

PoJK की आग अब इस्लामाबाद और रावलपिंडी तक पहुंची

Photo : ANI

PoJK Protests: पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में लंबे समय से जारी राजनीतिक अशांति और जन-विरोध अब पाकिस्तान की राजधानी तक पहुंच चुका है। रविवार को PoJK में आयोजित विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के दौरान बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन, प्रशासनिक नाकामी और पुलिसिया कार्रवाई देखने को मिली। इस जनाक्रोश का असर अब इस्लामाबाद और रावलपिंडी जैसे मुख्य शहरों में भी साफ दिखाई देने लगा है।

रावलपिंडी प्रेस क्लब के बाहर रविवार शाम बड़ी संख्या में छात्र और स्थानीय लोग एकत्र हुए, जिनमें PoJK के निवासी भी शामिल थे। चुनावी प्रक्रिया में धांधली और सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे इन छात्रों पर पाकिस्तानी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर जमकर लाठियां बरसाईं और कई छात्र नेताओं व प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

पूरी तरह चरमराई चुनावी व्यवस्था

यह विरोध प्रदर्शन PoJK में हो रहे दूसरे चरण के चुनावों के दौरान शुरू हुआ, जिसमें मुजफ्फराबाद मंडल की 9 और शरणार्थी निर्वाचन क्षेत्रों की 12 सीटों पर मतदान होना था। हालांकि, जनता के भारी विरोध और जगह-जगह मुख्य सड़कों के जाम होने के कारण चुनावी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई इलाकों, जैसे एलए-27 कोटली और एलए-28 मुजफ्फराबाद में चुनाव कर्मी और मतदान सामग्री पोलिंग स्टेशनों तक पहुंच ही नहीं सके, जिसके चलते अधिकारियों को इन जगहों पर मतदान स्थगित करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कई क्षेत्रों में लोगों ने चुनाव का किया बहिष्कार

विपक्षी दलों और स्थानीय नागरिक संगठनों का कहना है कि जहां चुनाव सामग्री ही न पहुंच सके, वहां चुनाव की निष्पक्षता पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा होता है। इस वजह से कई क्षेत्रों में लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया और मतदान केंद्रों से दूरी बनाए रखी। राजधानी इस्लामाबाद के प्रसिद्ध डी-चौक पर भी प्रदर्शनकारियों ने बड़ा धरना दिया है और मुजफ्फराबाद की ओर 'लॉन्ग मार्च' निकालने की घोषणा की है।

वहीं, रावलकोट से सुरक्षा बलों द्वारा की गई छिटपुट गोलीबारी की खबरें भी सामने आ रही हैं। इसके अलावा, ड्रेक ईदगाह में पिछले 50 दिनों से जारी धरना प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चे भी लगातार डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक उनकी राजनीतिक सुधारों और नागरिक अधिकारों से जुड़ी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह आंदोलन थमेगा नहीं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article