PM Modi France Visit Nice: अपने दो देशों के महत्वपूर्ण यूरोपीय दौरे के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के खूबसूरत तटीय शहर नीस (Nice) पहुंचे, जहां उनका बेहद गर्मजोशी और भव्य स्वागत किया गया। इस दौरे की शुरुआत ही एक बेहद खास और अनौपचारिक पल से हुई, जिसने दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत गले मिलने और गर्मजोशी से हाथ मिलाकर किया। इसके तुरंत बाद, राष्ट्रपति मैक्रों ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पीएम मोदी के साथ एक कैंडिड सेल्फी साझा की। इस खूबसूरत शहर के नाम और दोनों नेताओं की बॉन्डिंग पर सटीक बैठते हुए मैक्रों ने इसका कैप्शन दिया- 'Nice'। यह तस्वीर कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और इसे दोनों देशों के बीच गहरे व्यक्तिगत और कूटनीतिक रिश्तों के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
विला केरीलोस में द्विपक्षीय बैठक: एजेंडे में क्या खास?
तस्वीरों के इस दोस्ताना माहौल के बीच दोनों नेताओं ने नीस के ऐतिहासिक 'विला केरीलोस' में एक उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक की। कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार, यह बैठक केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को एक नए मुकाम पर ले जाने के लिए 'इन्नोवेशन रोडमैप 2030' को अपनाने पर गंभीर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच बातचीत के बाद, भारत और फ्रांस ने रविवार को अपने सालाना द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा 16 अरब डॉलर से दोगुना करने का पांच साल का लक्ष्य तय किया। साथ ही, अहम क्षेत्रों में संबंध बढ़ाने के लिए एक इनोवेशन रोडमैप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का एक संयुक्त फ्रेमवर्क भी पेश किया।
प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया के अपने एक हफ्ते लंबे दौरे के तहत शनिवार रात भूमध्य सागर के किनारे बसे फ्रांस के इस शहर में पहुंचे थे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा, 'भारत-फ्रांस की साझेदारी नई ऊंचाइयां छूती रहेगी।'
बताया गया कि दोनों नेताओं के बीच जो बातचीत हुई उसमें फाइटर जेट्स को खरीदने पर भी बात हुई। बैठक में फ्रांस की प्रमुख डिफेंस कंपनी डसॉल्ट एविएशन से 114 राफेल फाइटर जेट खरीदने की भारत की योजना पर चर्चा हुई। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि मुख्य फोकस जॉइंट डिफेंस प्रोजेक्ट्स में 'ज्यादा से ज्यादा लोकल कंटेंट' शामिल करने पर था।
