PM Modi in Seychelles: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि सेशेल्स की संसद को संबोधित करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा, ''इस संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री के तौर पर आपके सामने खड़ा होना मेरे लिए सम्मान की बात है... मैं अपने साथ भारत के 1.4 अरब लोगों की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं लाया हूं।''
पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर मैंने 2015 में हिंद महासागर क्षेत्र में जिस पहले देश का दौरा किया, वह सेशेल्स था... मैं यहां इसलिए आया, क्योंकि मेरा मानना है कि हिंद महासागर के लिए भारत के विज़न में सेशेल्स की एक खास जगह थी। जब मैं एक दशक बाद यहां लौटा हूं, तो यह यकीन पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत है।
सेशेल्स का 50वां स्वतंत्रता दिवस
सेशेल्स को 29 जून, 1976 को यूनाइटेड किंगडम से आजादी मिली थी और अब वह अपना 50वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। ऐसे मौके पर पीएम मोदी ने वहां की संसद को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आपकी स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आप सभी के साथ शामिल होकर मुझे बेहद खुशी हो रही है।
उन्होंने कहा कि हमारी दोस्ती 50 साल पहले हमारे कूटनीतिक संबंध बनने से शुरू नहीं हुई थी, बल्कि यह बहुत पहले अगस्त 1770 में शुरू हो गई थी। स्टी ऐनी आइलैंड पर थेलेमेक जहाज पर आने वालों में पांच भारतीय थे। उस यात्रा ने कई और लोगों को रास्ता दिखाया, जो उनके पीछे आए। समय के साथ उनकी कहानियां मॉडर्न सेशेल्स की कहानी का हिस्सा बन गईं। यह हमें याद दिलाता है कि हमारे बीच के रिश्ते सरकार ने नहीं बनाए थे। उन्हें लोगों ने बनाया था, परिवारों ने पाला-पोसा था और पीढियों ने बनाए रखा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: नौसेना में 3 स्वदेशी युद्धपोत हुए शामिल; PM मोदी बोले- 45 बड़े नौसैनिक प्लेटफॉर्म अभी निर्माणाधीन
उन्होंने कहा कि हमारे रिश्तों को हिंद महासागर ने मुमकिन बनाया। हिंद महासागर भारत और सेशेल्स को अलग नहीं करता, बल्कि हमें जोड़ता है। इसलिए हम अजनबी की तरह नहीं, बल्कि पुराने दोस्तों की तरह मिलते हैं।
कई देशों की संसद को संबोधित कर चुके हैं PM मोदी
सनद रहे कि पीएम मोदी ने 2014 में पदभार संभालने के बाद से अब तक सेशेल्स, श्रीलंका, अफगानिस्तान, भूटान, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया और फिजी सहित कई देशों की संसद को संबोधित किया है। इसके अलावा, पीएम मोदी को अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को दो बार संबोधित करने का गौरव प्राप्त है और वह ऐसा करने वाले एकलौते भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
