दुनिया

PM मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से फोन पर की बात, पश्चिम एशिया में शांति और समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता पर दिया जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान ईरानी राष्ट्रपति ने पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रम और आगे की स्थिति से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। पीएम मोदी ने हाल में बनी समझ का स्वागत करते हुए कहा कि सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए होना चाहिए।

Image

PM मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से की फोन पर बात। ANI

Photo : ANI

India-Iran Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री मोदी को पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों की जानकारी दी और क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर अपना पक्ष साझा किया।

सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति से हो: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल में बनी आपसी समझ का स्वागत किया और दोहराया कि भारत का लगातार यही रुख रहा है कि सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए किया जाना चाहिए। पीएम मोदी ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासों की जरूरत पर भी जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता और वैश्विक व्यापार को सुरक्षित बनाए रखने के महत्व को भी रेखांकित किया। भारत लंबे समय से पश्चिम एशिया में संवाद, क्षेत्रीय स्थिरता और शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता रहा है। हालिया बातचीत को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक पहल माना जा रहा है।

खमेनेई के अंतिम संस्कार में कौन होंगे भारत के प्रतिनिधित्व?

बताते चलें कि ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खमेनेई के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के गवर्नर लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन करेंगे। अंतिम संस्कार की रस्में ईरान में 4 से 9 जुलाई के बीच होंगी। सूत्रों ने बताया कि भारत सरकार ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खमेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा और बिहार के गवर्नर लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को भेजेगी।

अमेरिका के साथ कोई वार्ता बैठक निर्धारित नहीं: ईरान

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे के उलट ईरान ने कहा है कि आने वाले दिनों में अमेरिका के साथ कोई वार्ता बैठक निर्धारित नहीं है, और कतर में उसके प्रतिनिधिमंडल की यात्रा को अमेरिकी अधिकारियों के साथ किसी भी चर्चा से जोड़ने की अटकलों को खारिज कर दिया है। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, एक प्रेस ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा कि आने वाले दिनों में अमेरिकी पक्ष के साथ हमारी किसी भी स्तर पर कोई वार्ता बैठक नहीं है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article