दुनिया

VIDEO: फ्रांस पहुंचते ही नन्हे दोस्त से मिले PM मोदी, गोद में लेकर किया दुलार

PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 6 दिवसीय विदेश दौरे के पहले चरण में फ्रांस के नीस शहर पहुंचे, जहां होटल में भारी संख्या में मौजूद प्रवासी भारतीयों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के दौरान पीएम मोदी ने एक बच्चे को गोद में उठाकर दुलार किया, वहीं भारतीय समुदाय की महिलाओं ने आदरपूर्वक पीएम का हाथ अपने सिर पर लगाकर आशीर्वाद लिया।

Image

पीएम मोदी ने फ्रांस में भारतीय समुदाय से की मुलाकात। PTI

Photo : PTI

PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार रात फ्रांस के नीस शहर पहुंचे। होटल में बड़ी तादाद में भारतीय समुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया। बता दें कि बड़ी तादाद में बच्चे भी पीएम मोदी के स्वागत के लिए होटल पहुंचे थे। इसी दौरान पीएम मोदी नजर एक नन्हे बच्चे पर पड़ी। उन्होंने तुरंत बच्चे को गोद में उठाया और दुलार किया। इसके बाद पीएम मोदी बच्चे के पिता से थोड़ी बातचीत की। वहीं, प्रधानमंत्री ने एक बच्ची को राजस्थानी पगड़ी भी पहनाई।

वहीं, भारतीय समुदाय की महिलाओं ने पीएम के हाथ को अपने सिर पर लगाया। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी 13 से 18 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया के 6 दिनों के दौरे पर हैं। पीएम बनने के बाद उनकी यह 7वीं फ्रांस यात्रा है। उनका फ्रांस दौरा दो फेज में होगा। इस दौरान 3 शहरों नीस, एवियान और पेरिस जाएंगे। वे 13-14 जून तक नीस में रहेंगे।

राष्ट्रपति मैक्रों से आज होगी मुलाकात

बताते चलें कि पीएम मोदी आज दोपहर में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। साथ ही 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। दोनों देशों के बीच टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, हेल्थ टेक, मेडिकल टेक्नोलॉजी, AI, सेमीकंडक्टर और स्पेस टेक्नोलॉजी से जुड़े 12 समझौते हो सकते हैं। भारत और फ्रांस के बीच 114 राफेल लड़ाकू विमानों की डील पर अहम चर्चा होगी। भारत चाहता है कि इन विमानों में अपने हथियार जोड़ने की सुविधा मिले। इसके लिए सोर्स कोड का मुद्दा भी उठाया जाएगा।

स्लोवाकिया भी जाएंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी 14 जून की शाम फ्रांस से स्लोवाकिया जाएंगे और 15 जून तक रुकेंगे। इस दौरान स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रोबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रीनी से मुलाकात करेंगे। 1993 में स्लोवाकिया के आजाद देश बनने के बाद किसी भारतीय पीएम का यह पहला दौरा है।

    जी 7 बैठक में ट्रंप से होगी बातचीत

    इसके बाद वो फ्रांस वापस आएंगे और 16 से 17 जून को एवियान में G7 समिट में हिस्सा लेंगे। 18 जून को पेरिस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ विवाटेक सम्मेलन में जाएंगे। 17 जून को G7 समिट के दौरान मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से द्विपक्षीय मुलाकात होगी। दोनों नेता 16 महीने बाद मिलेंगे।

    बता दें कि G7 यानी ‘ग्रुप ऑफ सेवन’, दुनिया के उन 7 देशों का समूह है, जिन्हें दुनिया की 'मॉडर्न इकोनॉमी' वाला देश कहा जाता है। इनमें अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, जापान, इटली, कनाडा और जर्मनी शामिल हैं।

    Piyush Kumar
    पीयूष कुमारauthor

    पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

    और पढ़ें
    End of Article