दुनिया

G7 Summit के लिए पीएम मोदी पहुंचे फ्रांस, आज करेंगे राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात, 17 जून को ट्रंप के साथ मीटिंग

पीएम मोदी ने अपने आगमन के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, नीस में उतरा। नीस के अलावा, इस फ्रांस यात्रा में एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम शामिल हैं। द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगी, जिनका उद्देश्य प्रमुख विकास साझेदारों के साथ भारत की मित्रता को मजबूत करना है।

Image

पीएम मोदी पहुंचे फ्रांस

PM Modi Arrives in France: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस पहुंचे। इस यात्रा के दौरान वे राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बातचीत करेंगे। इसके साथ ही जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पीएम मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की अपनी पांच दिवसीय यात्रा के पहले चरण में नीस पहुंचे। नीस कोट डी'अज़ूर हवाई अड्डे पर उनका स्वागत फ्रांस के शिक्षा मंत्री एडुआर्ड गेफ्रे, उच्च शिक्षा, अनुसंधान और अंतरिक्ष मंत्री फिलिप बैपटिस्ट, भारत में फ्रांस के राजदूत थियरी माथौ और नीस के मेयर एरिक सिओटी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया।

'भारत इनोवेट्स' में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं

पीएम मोदी ने अपने आगमन के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, नीस में उतरा। नीस के अलावा, इस फ्रांस यात्रा में एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम शामिल हैं। द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगी, जिनका उद्देश्य प्रमुख विकास साझेदारों के साथ भारत की मित्रता को मजबूत करना है। उन्होंने आगे कहा, मैं कल राष्ट्रपति मैक्रॉन से मिलने और 'भारत इनोवेट्स' में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।

आज मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक

यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री आज रविवार को मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे और फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ 'भारत इनोवेट्स' का उद्घाटन भी करेंगे। इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के शीर्ष नवाचार स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड एक साथ आएंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे, जिन्हें इस वर्ष की शुरुआत में विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किया गया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि यह यात्रा प्रमुख क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा, नवाचार क्षेत्र एक प्रमुख फोकस क्षेत्र होगा क्योंकि भारत और फ्रांस मिलकर वर्ष 2026 को 'नवाचार वर्ष' के रूप में मना रहे हैं। 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम (@BharatInnov2026) भारत के जीवंत नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदर्शित करेगा और स्टार्टअप और नवोन्मेषकों को अपने अत्याधुनिक समाधानों और उत्पादों को प्रस्तुत करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने भी गर्मजोशी से स्वागत किया, जो बड़ी संख्या में तिरंगा लहराते हुए और "भारत माता की जय" के नारे लगाते हुए एकत्रित हुए थे।

‘भारत इनोवेट्स’का उद्घाटन

नीस में दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ (Bharat Innovates) कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे। इस आयोजन में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के शीर्ष नवोन्मेषी स्टार्टअप, निवेशक और वेंचर कैपिटल फंड एक मंच पर एकत्र होंगे। इसका उद्देश्य नवाचार, प्रौद्योगिकी और निवेश सहयोग को बढ़ावा देना और भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से जोड़ना है।

स्लोवाकिया भी जाएंगे पीएम मोदी

फ्रांस से मोदी 14-15 जून को राजकीय यात्रा पर स्लोवाकिया जाएंगे,जहां वह राजधानी ब्रातिस्लावा में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ वार्ता करेंगे, कारोबारी जगत के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।

जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए एवियन जाएंगे पीएम

इसके बाद प्रधानमंत्री जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए एवियन जाएंगे और 18 जून को पेरिस में वीवाटेक 2026 में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ हिस्सा लेकर अपनी फ्रांस यात्रा का समापन करेंगे। वीवाटेक यूरोप का प्रमुख प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष सम्मेलन है। इस संस्करण में भारत का सबसे बड़ा मंडप होगा,जो भारतीय और यूरोपीय नवाचार पारिस्थितिकी तंत्रों के बीच साझेदारी की अपार संभावनाओं का प्रतीक है।

ट्रंप से भी मुलाकात करेंगे पीएम मोदी

वहीं, फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से भी मुलाकात करेंगे। पिछले साल फरवरी में वॉशिंगटन में हुई मुलाकात के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात होगी। दोनों नेताओं की यह मुलाकात होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसेना द्वारा निशाना बनाए गए वाणिज्यिक जहाजों पर सवार भारतीय नाविकों की मौत को लेकर उपजी चिंताओं के बीच हो रही है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article